ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे में शंघाई सहयोग संगठन की सरकार प्रमुखों की परिषद की 25वीं बैठक में भारत ने सुरक्षा, कनेक्टिविटी और आर्थिक सहयोग को प्रमुखता से उठाया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मौजूदा वैश्विक आर्थिक माहौल अनिश्चितता से भरा है… संघर्षों और भूराजनीतिक तनावों के कारण सप्लाई चेन बाधित हो रही हैं, जबकि ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी हुई हैं. उन्होंने कहा कि नई तकनीकें अर्थव्यवस्थाओं को बदल रही हैं और नए विभाजन पैदा कर रही हैं.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने SCO से सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसरों के क्षेत्र में ठोस कदम उठाने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि सरकार प्रमुखों की परिषद की जिम्मेदारी है कि नेताओं के राजनीतिक दृष्टिकोण को ऐसे सहयोग में बदला जाए, जिसका आम लोगों के जीवन पर स्पष्ट असर दिखाई दे… भारत का मानना है कि सुरक्षा, कनेक्टिविटी और आर्थिक अवसर एकदूसरे को मजबूत करते हैं… सुरक्षा से निवेश को बढ़ावा मिलता है, जबकि बेहतर कनेक्टिविटी व्यापार को आसान बनाती है और विकास के नए रास्ते खोलती है.

20262030 के आर्थिक सहयोग कार्यक्रम का समर्थन

भारत ने 2026 से 2030 के लिए बहुपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग कार्यक्रम की कार्ययोजना को अपनाने का समर्थन किया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आर्थिक सहयोग का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचना चाहिए… भारत ऐसी कनेक्टिविटी का पक्षधर है, जो बाजारों को जोड़े, व्यापार को सुगम बनाए और विकास के नए अवसर पैदा करे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बैठक में क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने और सदस्य देशों के बीच व्यावहारिक साझेदारी मजबूत करने पर भारत का जोर रहा.

दुशान्बे पहुंचने पर औपचारिक स्वागत

बैठक में शामिल होने के लिए दुशान्बे पहुंचे राजनाथ सिंह का हवाई अड्डे पर औपचारिक स्वागत किया गया. इस दौरान ताजिकिस्तान के रक्षा मंत्री इमोमाली सोबिरजोदा और ताजिकिस्तान के विदेश मंत्रालय के एशियाप्रशांत प्रभाग के प्रमुख शेराली जोमोन मौजूद रहे. SCO की यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब वैश्विक संघर्ष, व्यापारिक बाधाएं और ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दे सदस्य देशों के लिए अहम बने हुए हैं. भारत ने इन चुनौतियों के बीच सहयोग को ठोस नतीजों में बदलने पर जोर दिया है.