सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love में अपने आंदोलन के जिक्र पर प्रतिक्रिया दी है. सोनिया गांधी ने अपनी किताब में 2012 के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन और अन्ना हजारे की भूमिका का उल्लेख करते हुए दावा किया है कि इस आंदोलन को भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पर्दे के पीछे से समर्थन हासिल था. अन्ना हजारे ने इस पर कहा कि वह किसी राजनीतिक पार्टी के बारे में नहीं सोचते, उनके लिए सिर्फ समाज और देश महत्वपूर्ण हैं.

अन्ना हजारे ने कहा, ‘मेरे आंदोलन की वजह से RSS और BJP के भी कई लोग घर गए थे… मैं किसी राजनीतिक पार्टी के बारे में नहीं सोचता… मेरे लिए सिर्फ समाज और देश मायने रखता है… इतना संकीर्ण नजरिया रखना ठीक नहीं है… देश के बारे में सोचिए, देश किस दिशा में जा रहा है और हमारे राष्ट्र की क्या स्थिति है, इस पर ध्यान दीजिए.’

अन्ना हजारे की ऑटो बॉयोग्राफी भी आ रही है

उन्होंने आगे कहा, ‘मेरा न तो कांग्रेस से कोई संबंध है और न ही BJP से… मैं सिर्फ समाज और देश के हित के बारे में सोचता हूं… सूखा पड़ा है और आपके पास पैसे की कोई कमी नहीं है… आपको ऐसे मुद्दों के बारे में सोचना चाहिए और समाज के लिए काम करना चाहिए… मेरी आलोचना करने के बजाय देश और समाज के सामने मौजूद समस्याओं पर ध्यान दीजिए.’ अन्ना हजारे ने अपनी आने वाली किताब का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनकी पुस्तक Anna Hazare: Gram Yogi लिखी जा रही है. लोगों को यह किताब पढ़नी चाहिए, क्योंकि इससे उन्हें सीखने को मिलेगा.

सोनिया गांधी ने किताब में अन्ना आंदोलन को लेकर क्या लिखा?

सोनिया गांधी ने अपनी किताब Belonging: A Journey of Love में 2012 के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का जिक्र किया है. उन्होंने लिखा है कि महाराष्ट्र के चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता बाबूराव ‘अन्ना’ हजारे उस आंदोलन का चेहरा बनकर उभरे थे, जिसका नाम ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ रखा गया था.

सोनिया के मुताबिक, आंदोलन के कुछ प्रमुख प्रतिभागियों ने बाद में कहा था कि इसे पर्दे के पीछे से BJP और RSS ने संगठित और समर्थित किया था. उन्होंने लिखा कि अन्ना हजारे को बड़े प्रचार के साथ दिल्ली लाया गया था, जहां उन्होंने लोकपाल की नियुक्ति की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू की थी. लोकपाल को भ्रष्टाचार के मामलों की जांच करने वाली व्यापक शक्तियों से लैस संस्था के तौर पर पेश किया गया था.

सोनिया ने लिखा कि इस आंदोलन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और कांग्रेस उस समय BJP के आक्रामक अभियान का मुकाबला नहीं कर पाई. उन्होंने अपनी किताब में दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने 2014 में लोकपाल विधेयक लाया, जिसके तहत केंद्र में लोकपाल और राज्यों में लोकायुक्तों को सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों की जांच का अधिकार दिया गया.

हालांकि, सोनिया ने आरोप लगाया कि BJP के शासन में लोकपाल संस्था धीरेधीरे गुमनामी में चली गई और प्रभावहीन हो गई. उन्होंने लिखा कि उनके राजनीतिक विरोधियों का असली मकसद सरकार को सत्ता से हटाना था और जब यह उद्देश्य पूरा हो गया तो अन्ना हजारे के बारे में कुछ सुनने या लिखने को नहीं मिला.

अन्ना का जवाब मेरी आलोचना छोड़कर देश के मुद्दों पर बात कीजिए

सोनिया गांधी के इन दावों पर अन्ना हजारे ने किसी राजनीतिक दल का पक्ष लेने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि उनके आंदोलन में BJP और RSS से जुड़े लोग भी शामिल हुए थे और आंदोलन के कारण इन संगठनों के कई लोग भी अपने घर गए थे. उनके मुताबिक, आंदोलन का मकसद किसी पार्टी को फायदा पहुंचाना नहीं, बल्कि समाज और देश के हित में काम करना था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अन्ना ने सोनिया गांधी की टिप्पणी पर राजनीतिक बहस में उलझने के बजाय देश के सामने मौजूद समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की.