Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में स्वास्थ्य विभाग की संवेदनहीनता का एक और मामला सामने आया है. बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल में एक युवती की मौत के बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल पहुंचाने के लिए परिवार को शव वाहन नहीं मिला. आरोप है कि अस्पताल प्रशासन से कई बार गुहार लगाने के बावजूद कोई मदद नहीं की गई. आखिरकार मजबूर होकर परिजनों को नगर निगम में कूड़ा उठाने के काम में इस्तेमाल होने वाली गाड़ी में युवती का शव रखकर बीके अस्पताल पहुंचाना पड़ा. इस घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम आज कराया जाएगा.

जानकारी के अनुसार मूल रूप से मथुरा का रहने वाला राजकुमार बल्लभगढ़ के नवादा गांव में किराये के मकान में परिवार के साथ रहता है. शनिवार को वह अपनी पत्नी अर्चना और बेटी अंजली के साथ बाइक से घर लौट रहा था. अर्चना अपने मायके से भाई दूज मनाकर वापस आ रही थी. इसी दौरान दिल्लीमुंबई एक्सप्रेसवे पर सेक्टर2 कट के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. उपचार के दौरान अर्चना और उसकी बेटी अंजली की मौत हो गई.

कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ले गए शव

अर्चना नवादा स्थित कचरा गोदाम में पिछले करीब 10 वर्षों से कूड़े की छंटाई का काम करती थी, जबकि अंजली आठवीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद घर पर रहती थी. परिवार में अब अंजली के दो छोटे भाई और एक बहन हैं. अर्चना के देवर जीतू ने बताया कि अस्पताल से शव वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने नवादा में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी को बुलाया और उसी में अंजली का शव रखकर बीके अस्पताल पहुंचाया.

वहीं बल्लभगढ़ सरकारी अस्पताल के एसएमओ का कहना है कि अस्पताल में एक एंबुलेंस है, लेकिन उसका इस्तेमाल शव ले जाने के लिए नहीं होता. उन्होंने बताया कि अंजली का शव पुलिस को सौंप दिया गया था. इसके बाद शव किस वाहन से बीके अस्पताल पहुंचा, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है.

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने दावा किया कि वीडियो में दिखाई दे रही गाड़ी परिवार की निजी गाड़ी है, जिसका पहले नगर निगम में कूड़ा उठाने के लिए इस्तेमाल होता था. पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिवार शव लेकर बीके अस्पताल जा चुका था. दूसरी ओर हेल्थ विभाग की ट्रांसपोर्ट इंचार्ज डॉ. रचना ने कहा कि रेडक्रॉस की ओर से शव वाहन उपलब्ध कराया गया है. इसके लिए फोन पर सूचना देनी होती है. यदि शव कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ले जाया गया है तो यह गंभीर मामला है.

गौरतलब है कि करीब 10 महीने पहले भी फरीदाबाद में शव वाहन नहीं मिलने पर एक परिवार महिला का शव ठेले पर ले जाने को मजबूर हुआ था. उस मामले में मानवाधिकार आयोग ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बावजूद ऐसी घटना सामने आना स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है.