लगातार पांच कारोबारी सत्रों की मंदी और भारी गिरावट के बाद आखिरकार भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी देखने को मिली है। वैश्विक स्तर पर सकारात्मक संकेतों और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की खबरों के बीच हफ्ते के पहले दिन शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजार में जबरदस्त रौनक लौट आई। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 600 अंकों की भारी तेजी के साथ कारोबार करता नजर आया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 इंडेक्स भी मजबूत बढ़त बनाते हुए 23,900 के अहम स्तर के पार पहुंच गया। बाजार में आई इस अचानक तेजी से निवेशकों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि इससे पिछले पूरे हफ्ते बाजार में लगातार बिकवाली का दबाव बना हुआ था।

कारोबार की शुरुआत में सुबह के वक्त बीएसई सेंसेक्स 565.08 अंकों यानी करीब 0.74 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,624.85 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था। वहीं दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 163.75 अंकों यानी लगभग 0.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,931.20 के स्तर पर पहुंच गया। गौर करने वाली बात यह है कि इससे ठीक पिछले हफ्ते के पांचों कारोबारी सत्रों में लगातार गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे निवेशकों की चिंताएं काफी बढ़ गई थीं। आज के शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में शामिल सभी 30 शेयर हरे निशान के साथ खुले, जिससे बाजार का सेंटिमेंट पूरी तरह मजबूत नजर आया।
विभिन्न शेयरों के प्रदर्शन की बात करें तो इंडिगो के शेयरों में सबसे ज्यादा 2.84 प्रतिशत की शानदार तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा इटरनल, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, टीसीएस, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा स्टील के शेयरों में भी उल्लेखनीय बढ़त देखने को मिली। शेयर बाजार के साथसाथ विदेशी मुद्रा बाजार में भी भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मजबूती के साथ खुला। पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 96.5625 के स्तर पर बंद हुआ था, जो आज शुरुआती कारोबार में करीब 0.4 प्रतिशत की मजबूती के साथ 96.1475 के स्तर पर खुला।
निफ्टी 50 इंडेक्स के अंतर्गत इंटरग्लोबल एविएशन, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और इटरनल के शेयर सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाले शेयरों में शामिल रहे। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ब्रॉडर मार्केट की बात करें तो निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स भी क्रमशः 0.98 प्रतिशत और 0.86 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। सेक्टरवार प्रदर्शन पर नजर डालें तो निफ्टी आईटी, निफ्टी मीडिया और निफ्टी एफएमसीजी सेक्टरों में सबसे जोरदार तेजी दर्ज की गई, जबकि निफ्टी ऑयल एंड गैस सेक्टर में सबसे कम बढ़त देखने को मिली।
शेयर बाजार में आई इस तेजी के पीछे मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट को माना जा रहा है। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद कच्चे तेल के दाम लगभग 7.44 प्रतिशत लुढ़ककर 89.58 डॉलर प्रति बैरल के निचले स्तर पर आ गए। अमेरिका और ईरान के बीच लगातार दो हफ्ते चली सैन्य कार्रवाई के बाद हमले रोके जाने से कूटनीतिक बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद बंधी है। ब्रेंट क्रूड भी 4.57 प्रतिशत यानी 4.42 डॉलर की गिरावट के साथ 92.36 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है, जबकि पिछले हफ्ते यह 100 डॉलर के आंकड़े को पार कर गया था।



