शेयर बाजार में कब किस शेयर का मिजाज बदल जाए, यह कहना अक्सर मुश्किल होता है. पिछले एक महीने से निवेशकों की झोली भर रहा कल्याण ज्वेलर्स का शेयर आज अचानक दबाव में आ गया. 27 जुलाई को दिन के कारोबार में यह शेयर करीब 1.1 फीसदी टूटकर 567 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था. इस गिरावट के पीछे कोई छोटीमोटी वजह नहीं, बल्कि एक बेहद अहम खबर है. बाजार में चर्चा है कि एक बड़ा घरेलू म्यूचुअल फंड इस कंपनी में अपनी बड़ी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर रहा है. ये खबर आते ही निवेशकों में बेचैनी बढ़ गई. 4 अगस्त को कंपनी अपने तिमाही नतीजे भी जारी करने वाली है, लेकिन उससे पहले ही इस संभावित ब्लॉक डील की खबर ने बाजार का पारा चढ़ा दिया है.

डिस्काउंट पर शेयर बेचने की तैयारी

एनडीटीवी प्रॉफिट की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक प्रमुख म्यूचुअल फंड ब्लॉक डील के जरिए कल्याण ज्वेलर्स के लगभग 5 करोड़ शेयर बेच सकता है. सबसे अहम बात यह है कि ये शेयर मौजूदा बाजार भाव से 8 से 10 फीसदी के बड़े डिस्काउंट पर बेचे जाने की उम्मीद है. हालांकि, इस रिपोर्ट में सीधे तौर पर किसी फंड का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन आधिकारिक आंकड़ों पर नजर डालें तो 30 जून 2026 तक मोतीलाल ओसवाल मिडकैप फंड के पास कंपनी की 9.17 फीसदी हिस्सेदारी है. दरअसल, पिछले एक महीने में ही इस शेयर ने 50 फीसदी से ज्यादा की छलांग लगाई है. इतनी तेज रफ्तार के बाद फंड हाउस द्वारा मुनाफावसूली करना एक सामान्य प्रक्रिया मानी जा रही है. खबर है कि इस सौदे को पूरा करने के लिए दो बैंकरों की नियुक्ति भी कर दी गई है.

गिरावट के बीच दिग्गजों का भरोसा कायम

भले ही आज शेयर में सुस्ती दिख रही हो, लेकिन लंबी अवधि के लिए बाजार के जानकार इसे लेकर अब भी बेहद सकारात्मक हैं. इसी महीने की शुरुआत में दिग्गज ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म सिटीग्रुप ने इस स्टॉक पर अपनी ‘बाय’ रेटिंग को बरकरार रखा था. उन्होंने इसके लिए 750 रुपये का दमदार टारगेट प्राइस दिया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ब्रोकरेज का मानना है कि जून तिमाही में कंपनी के कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में सालाना आधार पर 38 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. भले ही यह उनके अनुमानों से थोड़ा कम रहा हो, लेकिन कंपनी की लंबी अवधि की ग्रोथ स्टोरी पूरी तरह से मजबूत नजर आ रही है. सिटीग्रुप के मुताबिक, कंपनी की फ्रेंचाइजी आधारित विस्तार रणनीति उसके रिटर्न ऑन कैपिटल एंप्लॉयड को लगातार बेहतर बना रही है.

डिजिटल बिजनेस में दिखा जबरदस्त उछाल

कल्याण ज्वेलर्स का व्यापार सिर्फ पारंपरिक शोरूम तक ही सीमित नहीं है. कंपनी के डिजिटलफर्स्ट ज्वेलरी ब्रांड ‘कैंडीरे’ ने बिक्री के मोर्चे पर कमाल का प्रदर्शन किया है. जून तिमाही में कैंडीरे के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 112 फीसदी का बंपर उछाल देखने को मिला है. इसके अलावा, भारत में सेमस्टोर सेल्स ग्रोथ के दम पर कंपनी के राजस्व में 28 फीसदी का इजाफा हुआ है. अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो वहां भी कारोबार करीब 35 फीसदी बढ़ा है, जिसमें पश्चिम एशिया का योगदान सबसे ज्यादा रहा. कंपनी ने हाल ही में 12 नए कल्याण शोरूम और 5 कैंडीरे स्टोर खोले हैं, जिससे इसके कुल शोरूम की संख्या बढ़कर 524 हो गई है. कंपनी मैनेजमेंट को पूरी उम्मीद है कि आने वाले त्योहारी और शादी के सीजन में बिक्री और भी शानदार रहेगी.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.