Featured Image

Viral Video: तमिलनाडु के कोयंबटूर से आवारा कुत्तों की वफादारी का एक दिल छू लेने वाला मामला सामने आया है. यहां के थुडियालुर इलाके में आवारा कुत्तों ने अपनी समझदारी से एक मानसिक रूप से कमजोर महिला को बुरी नीयत वाले लड़के से बचा लिया. यह पूरी घटना पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी लड़के को पकड़ लिया है.

सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला

टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना गुरुवार रात करीब 2 बजे एनजीजीओ कॉलोनी के पास एक रेलवे ओवरब्रिज के नजदीक हुई. महिला अपने रिश्तेदार के घर के बाहर बैठी हुई थी, तभी वहां एक 17 साल का लड़का नशे की हालत में पहुंचा. उसने महिला के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की. गनीमत यह रही कि वहां मौजूद आवारा कुत्तों ने खतरे को भांप लिया और जोर-जोर से भौंकने लगे.

कुत्तों के काटने से भागा आरोपी

जैसे ही आरोपी ने महिला को पकड़ने की कोशिश की, महिला ने शोर मचा दिया. तभी एक कुत्ता तुरंत बचाव के लिए आगे आया और उसने आरोपी के पैरों में काट लिया. कुत्ते के इस तरह अचानक हमला करने से लड़का घबरा गया और वहां से भाग खड़ा हुआ. कुत्ते ने भी खदेड़कर उसे दूर भगा दिया. पुलिस जब इलाके में आगजनी की एक दूसरी घटना की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही थी, तब उनकी नजर इस घटना पर पड़ी.

नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

फुटेज देखने के बाद थुडियालुर पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया और शुक्रवार को आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि गणेश नगर का रहने वाला यह लड़का शराब पीने का आदी है और नशे में ऐसी हरकतें करता रहता है. पुलिस ने उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया, जहां से उसे सुधार गृह भेज दिया गया है. इस घटना के बाद से हर जगह इन आवारा कुत्तों की वफादारी की ही चर्चा हो रही है.

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं:-

एक यूजर ने लिखा, ‘यह बात हैरान करने वाली है कि एक महिला की जान बचाने के लिए आवारा कुत्ते आगे आए. उम्मीद है कि उस महिला को वह मदद मिलेगी जिसकी उसे जरूरत है.’

दूसरे यूजर ने लिखा, ‘आज के समय में हालात बहुत खराब हो गए हैं, महिलाएं अब सुरक्षित नहीं हैं.’

तीसरे यूजर ने कहा, ‘यह कोयंबटूर के रामनगर में वीओसी पार्क ब्रिज की घटना है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यहां रात के समय महिलाओं के लिए डरना आम बात नहीं है, क्योंकि यह भारत के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक है.’

चौथे यूजर ने कहा, ‘हमारे देश में आवारा कुत्तों की एक फौज है जो चुपचाप कई चीजों से हमारी रक्षा करती है. यह इंसानों के प्रति सबसे वफादार प्रजाति है, हमें बस उनके प्रति थोड़ा अच्छा व्यवहार करने की जरूरत है.’

पांचवे यूजर ने कहा, ‘पहली बार किसी आवारा कुत्ते ने इतना सराहनीय काम किया है.’

छठे यूजर ने कहा, ‘आवारा कुत्तों की आदत होती है कि अगर उन्हें थोड़ी सी भी बुनियादी देखभाल मिल जाए, तो वे अपने इलाके की रक्षा करते हैं. हमें एनिमल बर्थ कंट्रोल और कम्युनिटी केयर में निवेश करने की जरूरत है, यही कुत्ते हमारे लिए एसेट्स बनेंगे. वे कोई आफत नहीं हैं, बल्कि स्थानीय प्रशासन की लापरवाही का शिकार हैं.’