Narsinghpur News: मौत का मंजर कितना भी खौफनाक हो, लेकिन एक मां का आंचल और उसकी ममता कभी कमजोर नहीं पड़ती. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसे सुनकर हर किसी की आँखें नम हो गईं. स्टेशनगंज थाना क्षेत्र में लूनावत पेट्रोल पंप के पास रेलवे ट्रैक पर एक 25 वर्षीय मां और उसकी 3 साल की मासूम बेटी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई.

जब पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर सभी के रोंगटे खड़े हो गए. ट्रेन की चपेट में आने से माँ और बेटी दोनों के सिर धड़ से अलग हो चुके थे. इतनी भयानक त्रासदी के बावजूद बच्ची का शरीर अपनी मां के सीने से उसी तरह लिपटा हुआ था, जैसे कोई मासूम डर के साए में अपनी मां की गोद में छिप जाता है.

ज्ञानगंगा एक्सप्रेस की चपेट में आईं मांबेटी

मृतकों की पहचान नरसिंहपुर जिले के कपूरी गांव निवासी निशांत जाट की 25 वर्षीय पत्नी प्राची जाट और उनकी 3 वर्षीय बेटी प्रनीषा के रूप में पहचान हुई है. प्राची ने अपनी बेटी को सीने से कसकर चिपका रखा था और रेलवे पटरी पर सिर रख दिया था. ट्रेन नंबर 22132 के लोको पायलट ने हादसे की सूचना दी, जिसके बाद स्टेशनगंज और जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची.

बाजार जाने का कहकर निकली थी प्राची, घर में मची चीखपुकार

परिजनों ने बताया कि प्राची दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बेटी के साथ बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी और डेढ़ घंटे बाद पुलिस के जरिए इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिली. बदहवास परिवार का दुख इतना गहरा था कि मौके पर मौजूद एक बुजुर्ग ने सामने से आ रही मालगाड़ी के आगे कूदकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन समय रहते लोगों ने उन्हें बचा लिया.

पुलिस जांच में जुटी, बरगी डैम हादसे की आई याद

थाना प्रभारी सौरभ पटेल ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस मायके और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज कर हर पहलू से जांच कर रही है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यह दर्दनाक घटना जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे की याद दिलाती है, जहां मां मरीना मेसी और उनके 4 साल के बेटे त्रिशान का शव पानी के भीतर एकदूसरे से लिपटा हुआ मिला था.