Maharashtra News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सड़कों पर आवारा कुत्ते लोगों के लिए सिरदर्द बन गए हैं. इस जिले में कुत्तों द्वारा कई लोगों को काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. यहां आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने और उन पर लगाम लगाने की मांग हमेशा बनी रहती है. इसी बीच यहां के बदलापुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यहां एक आवारा कुत्ते से बचने के लिए भागते हुए 18 वर्षीय युवक को दिल का दौरा पड़ गया और उसकी मौत हो गई.

एक ओर जहां बदलापुर नगरपालिका आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने के प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है. मृतक युवक की पहचान हर्षल शिंदे के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, हर्षल अपने दोस्त के साथ बदलापुर पश्चिम के शनि नगर इलाके में उसको छोड़ने गया था. इसी दौरान एक आवारा कुत्ता हर्षल शिंदे का पीछा करने लगा, तब हर्षल अपनी जान के डर से पास की दुकान की ओर भागा.

तीन साल पहले हुई थी हार्ट सर्जरी

भागते समय वो गिर पड़ा और दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई. इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. हर्षल की तीन साल पहले हृदय की सर्जरी हुई थी. बदलापुर ग्रामीण अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि कुत्ते के डर से तेज दौड़ने के कारण हृदय पर तनाव पड़ने से उसे दिल का दौरा पड़ा. वहीं इस भयावह घटना ने बदलापुर में आवारा कुत्तों के मुद्दे को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है.

नगरपालिका ने डॉग शेल्टर बनाए हैं

महापौर रुचिता घोरपड़े ने कहा कि नगर प्रशासन ने इस मामले पर संज्ञान लिया है. बदलापुर में आवारा कुत्तों की समस्या को जल्द से जल्द खत्म करेंगे. बदलापुर शहर में आज 15 हजार कुत्ते हैं. कुत्तों के हमले की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं. हालांकि नगरपालिका ने डॉग शेल्टर बनाए हैं, लेकिन इस समस्या का समाधान एक दिन में नहीं हो सकता. इसके लिए एक व्यापक अभियान चलाना और इस समस्या का हल निकालना जरूरी है.