बिहार के वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र में पांच दिनों से लापता युवक विवेक कुमार उर्फ टिंकू का शव शनिवार को गांव के ही एक पोखर से बरामद किया गया. 9 नवंबर की रात अपराधियों ने उसे घर से बुलाकर गोली मारी थी. इसके बाद आरोपी उसे अपने साथ लेकर फरार हो गए थे. परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, जबकि पुलिस भी कई दिनों से खोजबीन में जुटी थी. अब शव मिलने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है.

यह वारदात सराय थाना क्षेत्र के नरेंद्र प्रबोधी गांव के पास हुई थी. 9 नवंबर की रात विवेक कुमार उर्फ टिंकू को अपराधियों ने घर से बुलाया था. इसके बाद गांव के बाहरी इलाके में एक पुलिया के पास उसे गोली मार दी गई. बताया जाता है कि हमलावरों ने उस पर लगातार तीन गोलियां चलाई थीं.
गोली मारने के बाद आरोपी उसे गंभीर हालत में अपनी कार से लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. घटनास्थल से तीन खोखे और खून के निशान मिले थे. इसके बाद से ही विवेक का कोई सुराग नहीं मिल रहा था. पुलिस को आशंका थी कि उसकी हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया गया है.
पांच दिनों तक तलाश, पोखर में मिला शव
वारदात के बाद से ही सराय थाना की पुलिस विवेक की तलाश में जुटी थी. पुलिस ने आसपास के इलाकों, खेतों और संभावित ठिकानों पर खोजबीन की. जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई थी. कार में खून के धब्बे मिले थे, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया था.
इधर, शनिवार को गांव के ही पोखर में युवक का शव मिलने की खबर फैली. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. शव की पहचान विवेक कुमार उर्फ टिंकू के रूप में हुई. करीब पांच दिनों तक लापता रहने के बाद उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया है.
तेजस्वी और पप्पू यादव ने भी की थी परिवार से बात
इस हत्याकांड को लेकर राजनीतिक स्तर पर भी मामला उठाया गया था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मोबाइल वीडियो कॉल के जरिए पीड़ित परिवार से बात की थी. उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया था कि इस मामले में न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाई जाएगी. वहीं, सांसद पप्पू यादव भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे. उन्होंने परिजनों को आर्थिक सहायता दी थी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया था.
दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश में पुलिस
पुलिस इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस पासवान और गौरव के रूप में हुई है. पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों को पकड़ा था. मामले में कुल पांच आरोपियों के नाम सामने आए हैं.
अब शव बरामद होने के बाद पुलिस हत्या के पीछे की वजह, वारदात में शामिल अन्य लोगों और शव को पोखर तक पहुंचाने से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आई थी. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कितने समय तक और कहां छिपाकर रखा था.



