दिल्ली हाईकोर्ट ने ACP मनस्वी वशिष्ठ के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेने से इनकार कर दिया है. यह मामला वकीलों और पुलिस के बीच विवाद से जुड़ा है. मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट में मामले का जिक्र किया गया. हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने इसपर संज्ञान लेने से मना कर दिया. हालांकि, उन्होंने वकीलों को इस मामले में अदालत में औपचारिक याचिका दाखिल करने को कहा है.

हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस नितिन वासुदेव सांब्रे ने वकीलों को आश्वासन दिया कि याचिका दाखिल होने के बाद अदालत इस मामले पर विचार करेगी. इससे पहले दिल्ली पुलिस की ओर से ACP मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेड कर दिया.रोहिणी कोर्ट बार एसोसिएशन ने इस मुद्दे पर काम ठप करने का आह्वान किया था, जिसे ACP के निलंबित के बाद अब वापस ले लिया गया है.
वकील आज से अपने काम पर लौटेंगे
दरअसल, ACP मनस्वी वशिष्ठ के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर रोहिणी कोर्ट बार एसोसिएशन ने वकीलों से काम से दूर रहने की अपील की थी. अब दिल्ली पुलिस द्वारा ACP को निलंबित किए जाने के बाद बार एसोसिएशन ने अपना फैसला वापस ले लिया है. इससे रोहिणी कोर्ट में न्यायिक कामकाज सामान्य होने का रास्ता साफ हो गया है. वकील आज से काम पर लौटेंगे.
शाहदरा थाने से शुरू हुआ था विवाद
यह विवाद 23 अक्टूबर को पूर्वी दिल्ली के शाहदरा थाने से शुरू हुआ था, जहां पुलिसकर्मियों और कड़कड़डूमा कोर्ट के वकीलों के बीच झड़प की घटना सामने आई थी. इस दौरान मारपीट में एक वकील को चोटें भी आईं थी. वकीलों ने ACP मनस्वी वशिष्ठ के खिलाफ कथित तौर पर धमकी भरी टिप्पणी करने का आरोप लगाया था. वकीलों ने ACP पर रिवॉल्वर दिखाकर धमकी देने का भी आरोप लगाया था.
इस घटना के बाद वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी. मामला बढ़ने के बाद 28 सिंतबर को ACP मनस्वी वशिष्ठ और शहादरा SHO का ट्रांसफर कर दिया गया, जिसके बाद वकीलों ने धरना खत्म किया. लेकिन ACP पर एक्शन से पुलिस गुट में नाराजगी बढ़ गई. इसके बाद 2 नवंबर को ACP वशिष्ठ समेत दर्जनों पुलिसकर्मी ने पुलिस मुख्यालय के बाहर पहुंचकर विरोध जताया.
प्रदर्शन को लेकर ACP मनस्वी वशिष्ठ सस्पेड
दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के अगले दिन यानी सोमवार को मामले में ACP मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेड कर दिया. उनपर पुलिस मुख्यालय के बाहर धरना देने और विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने का आरोप लगा. ACP मनस्वी वशिष्ठ के नेतृत्व में करीब 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने सोमवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया था.



