2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दोषी इरफान सिराज पडो को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है. शीर्ष अदालत ने इरफान की उम्रकैद की सजा निलंबित करते हुए उसे जमानत देने का आदेश दिया है. वह पिछले करीब 18 साल से जेल में बंद है. सुप्रीम कोर्ट ने मेडिकल आधार पर उसे यह राहत दी है. सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार ने भी इरफान की मेडिकल स्थिति को स्वीकार किया. जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच ने मामले में यह आदेश दिया.

इरफान सिराज पडो गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में दोषी ठहराए गए 31 लोगों में शामिल है. 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लगा दी गई थी. इस घटना में 59 लोगों की मौत हुई थी. घटना के बाद गुजरात में बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी. इस मामले की जांच और सुनवाई के बाद विशेष अदालत ने 2011 में फैसला सुनाया था.
2011 में विशेष SIT कोर्ट ने सुनाई थी उम्रकैद की सजा
गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में विशेष SIT अदालत ने मार्च 2011 में कुल 31 लोगों को दोषी ठहराया था.इनमें से 11 दोषियों को मौत की सजा सुनाई गई थी, जबकि 20 लोगों को उम्रकैद की सजा मिली थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अदालत ने मामले में 63 आरोपियों को बरी भी किया था. इरफान सिराज पडो उन दोषियों में शामिल था, जिन्हें विशेष अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी.
विशेष अदालत के फैसले के खिलाफ दोषियों ने गुजरात हाईकोर्ट में अपील की थी. साल 2017 में गुजरात हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था. वहीं, उम्रकैद की सजा पाए अन्य दोषियों की सजा को बरकरार रखा था. इसके बाद दोषियों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया. मामले से जुड़ी अपीलें शीर्ष अदालत में लंबित हैं.
मेडिकल आधार पर मिली राहत
इरफान सिराज पडो को सुप्रीम कोर्ट से मिली मौजूदा राहत का आधार उसकी मेडिकल स्थिति है. अदालत ने उसकी उम्रकैद की सजा को निलंबित करते हुए जमानत देने का आदेश दिया है. सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार ने भी उसकी मेडिकल स्थिति को स्वीकार किया. इस आधार पर अदालत ने उसे राहत दी.
अब्दुल रहमान धंतिया को भी मिल चुकी है सुप्रीम कोर्ट से राहत
गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले के एक अन्य दोषी अब्दुल रहमान धंतिया उर्फ कंकट्टो जम्बुरो को भी सुप्रीम कोर्ट से पहले राहत मिल चुकी है. मई 2022 में शीर्ष अदालत ने उसकी पत्नी की गंभीर बीमारी और परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए उसे छह महीने की अंतरिम जमानत दी थी. अदालत के आदेश के मुताबिक, उसकी पत्नी टर्मिनल स्टेज कैंसर से पीड़ित थी और उसकी बेटियां मानसिक रूप से दिव्यांग थीं. बाद में नवंबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने उसकी अंतरिम जमानत की अवधि 31 मार्च 2023 तक बढ़ा दी थी.



