Jharkhand NTPC Accident: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा में स्थित एनटीपीसी में बुधवार को निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के काम के दौरान एक भीषण हादसा हो गया. इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई. जबकि दो मजदूरों को घायल होने की बात कही जा रही है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. इस भीषण हादसे के बाद एनटीपीसी के अधिकारी और स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राज्य के चतरा जिला के टंडवा स्थित NTPC परियोजना में निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के काम के दौरान बुधवार को ऊंचाई पर कई कर्मचारी काम कर रहे थे. इस दौरान स्ट्रक्चरल डिजाइन में खराबी के कारण एकएका कन्वेयर बेल्ट टूट गया. यह हादसा टंडवा एनटीपीसी के सीएचपी जेएच1 लोकेशन पर हुआ. हादसे के बाद अफरातफरी मच गई. तत्काल हादसे की सूचना एनटीपीसी परियोजना के अधिकारियों को दी गई.
राहत और बचाव काम जारी
इसके बाद अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के द्वारा राहत और बचाव काम किया जा रहा है. दुर्घटना के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है. निर्माणाधीन मजदूरों के कार्य स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन के बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है. अब तक तीन मजदूरों की मौत हुई हैय मृतकों की संख्या में वृद्धि हो सकती है. वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर दुख जताया है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर दुख जताया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चतरा स्थित NTPC में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुःखद है. इस हादसे में प्रभावित लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. जिला प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने कहा कि मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.



