सोने में मिलावट का ऐसा नया तरीका सामने आया है, जिसकी पहचान सामान्य जांच से करना मुश्किल हो रहा है. सोने में भारी धातुओं का महीन पाउडर मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा रहा है. बाजार में इसे गोल्ड पाउडर के नाम से बताया जा रहा है. दरअसल, मिलावट के इस पाउडर को रेनियम कहा जाता है.

आइए जानते हैं कि ये रेनियम पाउडर क्या होता है? क्या इसकी मिलावट को सामान्य जांच में पकड़ा जा सकता है? क्या कोई तरीका है, जिससे सोने में रेनियम की मिलावट को पहचाना जा सकता है?

क्या होता है रेनियम पाउडर?

रेनियम पाउडर एक दुर्लभ, भारी और सिल्वरग्रे या सोने जैसे रंग की धातु का बारीक चूर्ण है, जिसका उपयोग हाल के समय में सोने के गहनों का वजन बढ़ाने और शुद्धता की जांच को चकमा देने की मिलावट से जुड़ी खबरों के कारण चर्चा में आया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस कम कीमत वाली भारी धातु को मिलाकर गहने का कुल वजन बढ़ाया जा सकता है, जबकि असली सोने का हिस्सा कम हो जाता है. सबसे बड़ी चुनौती ये है कि सामान्य तरीकों या सतही जांच में ऐसी मिलावट आसानी से पकड़ में नहीं आ पाती.

कैसे हो रही मिलावट?

सोने के कारोबार से जुड़े लोग रेनियम पाउडर को चीन से भारत मंगवाते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, अगर इसे तय मात्रा में सोने में मिला दिया जाता है तो सोने की शुद्धता को सामान्य जांच में नहीं पकड़ा जा सकता है. इस तरह समझ सकते हैं जैसे 1 ग्राम रेनियम पाउडर को 24 कैरेट वाले 7.83 ग्राम सोने में मिलाया जाए तो इसका कुल वजन 8.83 ग्राम हो जाएगा. अगर सामान्य और पारंपरिक तरीकों से सोने की शुद्धता की जांच की जाए तो इसे 24 कैरेट सोना ही बताया जाएगा. लेकिन जांच में वास्तविक सोने की मात्रा करीब 90 प्रतिशत तक हो सकती है, जो लगभग 22 कैरेट के बराबर होगी.

23 साल से बाजार में चल रहा पूरा खेल

बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट योगेश सिंघल के मुताबिक, सोने में मिलावट का खेल पिछले दोतीन सालों से चल रहा है. दरअसल सोने में रेनियम, रुथेनियम, इरिडियम और आस्मियम जैसी भारी धातुओं की मिलावट की शिकायतें सामने आती रही हैं. ये मिलावटी गोल्ड पाउडर महाराष्ट्र और बंगाल के रास्ते बाजारों तक पहुंच रहा है. आशंका है कि इसे चीन में तैयार किया जा रहा है. इसकी लागत सोने की कीमत के करीब दस प्रतिशत कम बताई जा रही है.

इसका मतलब क्या है?

रेनियम मिलाने से सोने का कुल वजन बढ़ गया, जबकि जांच में उसकी शुद्धता वास्तविकता से अधिक दिखाई दी. रिपोर्ट के मुताबिक, यह मिलावटी आभूषण कई ज्वेलरी शोरूम और जांच केंद्रों के परीक्षण में भी पास हो रहा है. हालांकि, इससे यह साबित नहीं होता कि सभी हॉलमार्किंग सेंटर या सोने की जांच करने वाली मशीनें रेनियम की मिलावट नहीं पकड़ सकतीं.

सोने की शुद्धता की पहचान कैसे करें? जानें जांच के 5 आसान तरीके

सोने की शुद्धता जांचने के लिए कई तरीके मौजूद हैं. इनमें BIS हॉलमार्क और HUID कोड की जांच से लेकर आधुनिक मशीनों और एसिड टेस्ट तक शामिल हैं. कुछ तरीके घर पर शुरुआती जांच के लिए अपनाए जा सकते हैं, जबकि सही शुद्धता का पता लगाने के लिए मान्यता प्राप्त हॉलमार्किंग सेंटर या आधुनिक टेस्टिंग मशीनों की मदद लेना बेहतर होता है.

1. BIS हॉलमार्क और HUID कोड को चेक करें

सोने की शुद्धता पहचानने का सबसे आसान तरीका गहने पर BIS हॉलमार्क देखना है. इसके साथ कैरेट के अनुसार शुद्धता का कोड भी दर्ज होता है. उदाहरण के लिए, 22 कैरेट सोने पर 916 और 18 कैरेट सोने पर 750 लिखा होता है. इसके अलावा गहने पर 6 अंकों का HUID कोड भी होता है. ग्राहक BIS के आधिकारिक पोर्टल या BIS Care ऐप के जरिए इस कोड की जांच कर सकते हैं.

2. XRF मशीन और लैब टेस्टिंग

सोने की शुद्धता की सटीक जांच के लिए XRF मशीन का इस्तेमाल किया जाता है. इस मशीन की मदद से पता लगाया जा सकता है कि सोने में कितनी मात्रा में शुद्ध सोना और दूसरी धातुएं मौजूद हैं. इस जांच की खास बात यह है कि इसमें गहने को तोड़ने या नुकसान पहुंचाने की जरूरत नहीं पड़ती. ज्वेलर्स और मान्यता प्राप्त टेस्टिंग सेंटर पर यह सुविधा मिल सकती है.

3. एसिड और टचस्टोन टेस्ट

इस तरीके में सोने के गहने को एक खास काले पत्थर पर हल्का रगड़ा जाता है. इसके बाद उस पर नाइट्रिक एसिड या विशेष टेस्टिंग किट में मिलने वाले एसिड की कुछ बूंदें डाली जाती हैं. एसिड के साथ होने वाली प्रतिक्रिया के आधार पर सोने की शुद्धता का अनुमान लगाया जाता है. हालांकि, गलत तरीके से जांच करने पर गहने की सतह को नुकसान पहुंच सकता है.

4. चुंबक से करें शुरुआती जांच

सोने की पहचान के लिए चुंबक का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. असली सोना चुंबक की तरफ आकर्षित नहीं होता. ऐसे में अगर गहना चुंबक की ओर खिंचता है तो उसमें किसी दूसरी चुंबकीय धातु की मिलावट होने की आशंका हो सकती है. हालांकि, चुंबक की तरफ आकर्षित न होना इस बात की गारंटी नहीं है कि सोना पूरी तरह शुद्ध है.

5. पानी, सिरका और सिरेमिक टेस्ट

सोने की शुरुआती जांच के लिए पानी का इस्तेमाल भी किया जाता है. सोना अधिक घनत्व वाली धातु है, इसलिए इसे पानी में डालने पर यह नीचे बैठ जाता है. हालांकि, दूसरे भारी धातु भी नीचे बैठ सकते हैं, इसलिए यह पक्का जांच का तरीका नहीं है.

मिलावट से बचने के लिए क्या करें?

सोने में रेनियम जैसी भारी धातुओं की मिलावट का मामला सामने आने के बाद ग्राहकों के लिए सोने की शुद्धता पहचानना पहले से ज्यादा मुश्किल हो गया है. सबसे बड़ी चिंता यह है कि ऐसी मिलावट सामान्य जांच में भी पकड़ में नहीं आ सकती और ग्राहक को कम शुद्धता वाला सोना ज्यादा कीमत पर बेचा जा सकता है.

ऐसे में सिर्फ हॉलमार्क या पारंपरिक टेस्ट पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है. ग्राहकों को गहने खरीदते समय BIS हॉलमार्क और HUID कोड की जांच करने के साथ खरीदारी का पक्का बिल जरूर लेना चाहिए. किसी तरह का संदेह होने पर मान्यता प्राप्त सेंटर पर आधुनिक तकनीक से सोने की जांच करानी चाहिए, ताकि मेहनत की कमाई से खरीदे गए सोने की असली कीमत और शुद्धता से समझौता न हो.