सुरक्षा बलों ने बुधवार को लश्करएतैयबा के आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया है, जो दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था. भट लश्कर का एक कमांडर था. सुरक्षाबलों की ओर से चलाए गए इस ऑपरेशन पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के डायरेक्टर जनरल ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने ‘X’ पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाकर्मियों को बधाई दी.

ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने लिखा, ‘बधाई हो साथियों. कुछ चीजें ठंडी करके ही परोसने में मजा आता है और वह भी तब जब मौसम खुद ठंडा हो.’ वहीं, ऑपरेशन के बाद जम्मूकश्मीर पुलिस ने X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था, ‘तुम भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते.’
भट ने मस्जिद के अंदर से की गोलीबारी
कुलगाम के जंगलपोरा में फरार चल रहे भट का पीछा कर रही सुरक्षा बलों की एक टीम पर तड़के करीब 3 बजे मस्जिद के अंदर से गोलीबारी की गई. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनायत अली चौधरी ने बताया, ‘हमने फोन पर उससे काफी देर तक बात की. हमने उससे सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया. चूंकि वह एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था इसलिए हमने बहुत संयम बरता.’
एसएसपी चौधरी ने कहा, ‘यह एक बड़ी कामयाबी है, खासकर यह देखते हुए कि वह पिछले साल नवंबर में शामिल हुआ था. उसे कट्टरपंथी बना दिया गया था और वह कश्मीर में शांति, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए बाहर से निर्देश लेता था.’ 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में भट ने CRPF जवानों पर हमला किया, जिसमें तीन जवान घायल हो गए. पिछले आठ दिनों में सुरक्षा बलों ने जिले में कई आतंकवादविरोधी अभियान चलाए और दो दिन पहले कुलगाम के लारू बाईपास इलाके में भट के साथी उमर निसार डार को मार गिराया, जो पेशे से एक बेकर था.
भट पर 15 लाख रुपए का इनाम था घोषित
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को कुलगाम में हुए हमले के पीछे भट और डार दोनों का हाथ था. इस साल जुलाई में अनंतनाग और कुलगाम में हुए दोहरे हमलों के पीछे भी भट ही था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इन हमलों में एक पुलिसकर्मी और छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई थी. जम्मूकश्मीर पुलिस ने उस पर 15 लाख रुपए का नकद इनाम घोषित किया था. भट कुलगाम के अशमुजी स्थित ख्रेवन चादर का रहने वाला था और बढ़ई का काम करता था.



