Gaya Police Encounter: बिहार के गयाजी में दारोगा के बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गोली मारने वाले आरोपियों का हाफ एनकाउंटर किया गया है. गुरुवार रात 1 बजे आरोपियों से मुठभेड़ में उनका हाफ एनकाउंटर किया गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, गयाजी के मुफस्सिल थाना अंतर्गत बिच्छी गांव में आरोपियों को अरेस्ट करने पहुंची पुलिस की विशेष टीम पर आरोपियों नें फायरिंग कर दी.

इसके बाद पुलिस और एसटीएफ ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोलियां लगी. घायल आरोपियों की पहचान श्याम बिहारी और गौरव उर्फ काला के रूप में हुई है. मुफस्सिल पुलिस ने 96 घंटे के भीतर ऑपरेशन लंगड़ा के तहत ये कार्रवाई की है. दोनों आरोपी काला गैंग के लिए काम करते हैं. घायल आरोपियों को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बेटे रानू सिंह की हो गई थी मौके पर मौत
पुलिस ने दो अलगअलग ठिकानों से चार हथियार भी बरामद किए हैं. 19 अक्टूबर की रात दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के बेटों पर आरोपियों ने फायरिंग की थी, जिसमें छोटे बेटे रानू सिंह की मौके पर मौत हो गई, जबकि बड़ा बेटा मोनू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज फिलहाल पटना के अस्पताल में चल रहा है.
शुरुआती जांच में पता चला है कि किसी पुराने विवाद या जुए से जुड़े मामले को लेकर दोनों भाइयों को एक साजिश के तहत फोन कर सुनसान जगह पर बुलाया गया और घात लगाकर उनको गोलियां मार दी गईं. ये भी पता चला है कि दारोगा के बेटे की हत्या के बाद सरगना गौरव उर्फ काला नेपाल भागने की फिराक में था. पुलिस ने उसको मधुबनी से दबोच लिया.
इस मामले में 4 आरोपी किए जा चुके हैं अरेस्ट
घटना के बाद से ही गयाजी पुलिस और एसटीएफ की टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही थीं. SP सिटी ने बताया कि अब तक इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है. मुख्य आरोपी श्याम बिहारी पर पहले से आर्म्स एक्ट समेत चार मामले दर्ज हैं. गौरव के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जानकारी पुलिस जुटा रही है.



