
पंजाब के लुधियाना से शादी के नाम पर कथित धोखे और जबरन धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है. एक युवती ने अपने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. युवती कृतिका वर्मा का दावा है कि उसके पति करणवीर ने खुद को जटसिख बताकर उससे शादी की थी. लेकिन जब वह ससुराल पहुंची तो घर में बने एक बड़े हॉल को चर्च के रूप में देखकर हैरान रह गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आरोप है कि इसके बाद उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया. युवती के पिता ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया.
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके के परिवार पर हमला कर दिया. इसमें कृतिका के पिता विपन कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
परिवार के मुताबिक कृतिका और करणवीर की मुलाकात बाइक राइडिंग के दौरान हुई थी. दोनों को बाइक चलाने का शौक था और धीरे-धीरे उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं. कृतिका के पिता का कहना है कि करणवीर उनके घर आने लगा था और उनकी बेटी के कार्यस्थल एप्पल स्टोर पर भी जाता था.
परिवार की जानकारी लेने के बाद दोनों का रिश्ता तय हुआ. 2 सितंबर 2026 को लुधियाना के संत विहार स्थित शनि शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई. 5 सितंबर को बेटी की विदाई की गई. पिता का दावा है कि 5 अक्टूबर को ससुराल पहुंचने के बाद हालात बदल गए. परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. आरोपों की जांच जारी है.
शादी के बाद ससुराल में क्या हुआ?
कृतिका के पिता विपन कुमार वर्मा के मुताबिक ससुर ने शादी स्वीकार करने से इनकार कर दिया. आरोप है कि उन्होंने ईसाई धर्म अपनाने के बाद ही शादी को मान्यता देने की बात कही. युवती का दावा है कि रात में उसका फोन बंद करवाया गया और उसे तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में ले जाया गया. वहां पानी में डुबकी लगवाकर कथित तौर पर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया. युवती ने इस दौरान अनुचित तरीके से छूने और वीडियो बनाए जाने के आरोप भी लगाए हैं. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है.



