Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले से प्रेम और शादी के नाम पर ठगी का एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने युवक को अपने प्यार के जाल में फंसाया, शादी का झांसा देकर उससे करीब 6 लाख रुपये ऐंठ लिए और शादी वाले दिन ही फोन बंद कर फरार हो गई. ठगी का अहसास होने पर पीड़ित युवक ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है. जानकारी के मुताबिक, वेमपल्ली मंडल के कथुलुरु गांव के रहने वाले एक युवक की मुलाकात कडप्पा की रहने वाली महिला से हुई थी. महिला ने बड़ी ही चालाकी से युवक को भरोसा दिलाया कि वह उससे सच्चा प्यार करती है और शादी करना चाहती है.

शादी का झांसा देकर महिला ने युवक से अलगअलग जरूरतों और बहानों के नाम पर धीरेधीरे लगभग 6 लाख रुपये ले लिए. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। युवक को महिला पर पूरा भरोसा था. उसने शादी की तैयारियां शुरू कर दीं. महिला ने युवक के साथ मिलकर शादी की जमकर खरीदारी भी की, जिससे परिवार को लगा कि रिश्ता पक्का हो चुका है.
शादी की सुबह फोन बंद, उड़े होश
शादी के तय दिन जब दुल्हन के घर पहुंचने और रस्मों की तैयारी की जा रही थी, तभी अचानक महिला का मोबाइल फोन बंद आने लगा. युवक और उसके परिजनों ने महिला से संपर्क करने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. जब महिला का कहीं पता नहीं चला, तब युवक को समझ आया कि वह एक शातिर लवट्रैप और फ्रॉड का शिकार हो चुका है.
पुलिस ने महिला को लिया हिरासत में
पीड़ित युवक ने तुरंत कडप्पा पुलिस स्टेशन पहुंचकर पूरे मामले की आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है. पुलिस फिलहाल महिला से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि उसने ठगे गए 6 लाख रुपये कहां छुपाए हैं और क्या इस मैरिज फ्रॉड सिंडिकेट में उसके साथ कोई और भी शामिल है.



