Turkey Steel Factory Blast: तुर्किये के इजमिर प्रांत में एक स्टील फैक्ट्री में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई। इस हादसे में 16 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा सोमवार को एलियागा इलाके में स्थित HABAS आयरन एंड स्टील प्लांट में हुआ। हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 200 कर्मचारी मौजूद थे।

बॉयलर बदलते समय हुआ धमाका

घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है। इजमिर के गवर्नर सुलेमान एल्बन के मुताबिक, फैक्ट्री में बॉयलर बदलने का काम चल रहा था। इसी दौरान छत पर लगी क्रेन टूटकर नीचे भट्टी में गिर गई। इससे भट्टी में मौजूद सामग्री और गैस लाइन प्रभावित हुई, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ और आग फैल गई।

हादसे के वक्त फैक्ट्री में थे 200 मजदूर

हादसे के समय प्लांट में करीब 200 मजदूर मौजूद थे। आम दिनों में यहां लगभग 300 कर्मचारी काम करते हैं। बॉयलर बदलने के कारण फैक्ट्री में उत्पादन का काम रुका हुआ था। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। राहत और बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने और घायलों को बाहर निकालने का काम किया।

16 मजदूरों की मौत, 13 घायल

तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगन ने कैबिनेट बैठक के बाद हादसे में 16 लोगों की मौत और 13 लोगों के घायल होने की जानकारी दी। घायलों में दो की हालत गंभीर है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में राहत और बचाव अभियान चलाया गया।

राष्ट्रपति ने जांच के दिए आदेश

तुर्किये राष्ट्रपति एर्दोगन ने हादसे पर दुख जताया और न्यायिक तथा प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच की जाएगी। न्याय मंत्री एकिन गुरलेक के मुताबिक, मामले की जांच के लिए चार सरकारी अभियोजकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।