UP Road Accident News: छठ पर्व की खुशियों के बीच उत्तरप्रदेश के बलिया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। 2 कारों के बीच आगे निकलने की होड़ मची हुई थी, इस दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ताड़ के पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक ही गांव के 4 दोस्तों की मौत हो गई।

यह मामला उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगराबेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह मोड़ के पास देर रात की है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीखपुकार मच गई। जिन घरों में छठ पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां खुशियों की जगह मातम छा गया।

 

कैसे हुआ चार दोस्तों के साथ दर्दनाक हादसा?

जानकारी के मुताबिक, गौवापार गांव के 8 दोस्त दो अलगअलग कारों से नगरा बाजार गए थे। देर रात सभी बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों कारों के बीच आगे निकलने की होड़ लग गई। दोनों गाड़ियां तेज रफ्तार में चल रही थीं। इसी बीच एक कार नगराबेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह मोड़ के पास चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे खड़े ताड़ के पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चारों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।

हॉस्पिटल पहुंचने से पहले 2 दोस्तों ने तोड़ा दम

हादसे के बाद दूसरी कार में सवार दोस्तों और स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों की हालत को देखते हुए उन्हें मऊ रेफर किया गया। हालांकि, मऊ ले जाते समय रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव

नगरा थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि आठ दोस्त दो कारों से नगरा बाजार से देर रात घर लौट रहे थे। निछुआडीह के पास एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार दोस्तों की मौत हो गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।