Aaj Ka Mausam Samachar Live: देशभर में अब भीषण गर्मी का दौर अपने चरम पर पहुंच चुका है. कई राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है. दिन तो दिन अब तो रात भी काफी गर्म रह रही है. दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार भीषण लू और गर्मी की चपेट में है. यूपी में तो मंगलवार को सबसे अधिक गर्मी देखी गई, जहां बांदा में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो देश में सबसे अधिक था. वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, कई राज्यों में आज भी भीषण गर्मी और हीटवेव का प्रकोप जारी रहेगा, वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर और पहाड़ी इलाकों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिलेंगी.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और विभिन्न साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के चलते देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है. आईएमडी के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है. इन इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. वहीं, दक्षिण भारत के केरल, तेलंगाना और कर्नाटक में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

दूसरी ओर, उत्तर भारत और मध्य भारत के बड़े हिस्से में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है. तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को दिन के समय काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.

दिल्लीवालों दिन में घर से निकला दूभर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक तीखी होने वाली है. आईएमडी के मुताबिक, अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है. अगले पांच दिनों तक तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है, जहां दिन के समय तेज धूप और लू के थपेड़े लोगों को बेहाल कर सकते हैं.

रात के समय भी राहत की उम्मीद कम है. ‘वॉर्म नाइट’ यानी गर्म रातों की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे लोगों को नींद में भी परेशानी हो सकती है. मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.

यूपी में लू, उत्तराखंड में बारिश
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम दो तरह का असर दिखाएगा. पश्चिमी और मध्य यूपी में भीषण गर्मी और लू का असर रहेगा. खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 अप्रैल तक हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है. तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है.

वहीं, उत्तराखंड और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम कुछ राहत भरा रह सकता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। 23 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते हल्की बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना है. इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

बिहार में गर्म आंधी, झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश
बिहार और झारखंड में मौसम काफी उथल-पुथल भरा रहने वाला है. बिहार में 22 अप्रैल को हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे तापमान काफी ऊपर जा सकता है. इसके अलावा कुछ इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी (थंडरस्क्वॉल) चलने की भी संभावना है, जो अचानक मौसम बदल सकती है.
झारखंड में भी गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इससे थोड़ी राहत मिल सकती है, हालांकि उमस और गर्मी दोनों साथ-साथ परेशान करेंगे. मौसम विभाग ने इन राज्यों में बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है.

बाकी भारत का हाल
पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बारिश और आंधी का मिश्रित असर देखने को मिलेगा. वहीं, महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. दक्षिण भारत में भी कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है.