CM Yogi Ayodhya Protocol: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे से पहले प्रशासनिक फैसले के कारण राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। दरअसल अयोध्या प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे के लिए जो प्रोटोकॉल तैयार किया है उसके अनुसार राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की जगह उनके प्रतिनिधि को शामिल किया गया है। यानी प्रोटोकॉल के मुताबिक सीएम योगी के साथ होने वाले कार्यक्रमों और मंच पर ट्रस्ट का प्रतिनिधित्व कोई और करेगा।

लिस्ट में चंपत राय का नाम गायब
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे और राम मंदिर से जुड़े कार्यक्रमों के लिए जो आधिकारिक प्रोटोकॉल तैयार किया गया है उसके मुताबिक उसमें ट्रस्ट की ओर से चंपत राय के बजाय उनके प्रतिनिधि को शामिल किया गया है। आमतौर पर मुख्यमंत्री के अयोध्या आगमन पर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी ही कार्यक्रमों में मौजूद रहते थे लेकिन इस बार चंपत राय का नाम इस लिस्ट में नहीं है जिसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
शुक्रवार को अयोध्या और गोंडा में रहेंगे सीएम योगी
बता दें कि मुख्यमंत्री शुक्रवार को अयोध्या और गोंडा के दौरे पर रहेंगे। सीएम योगी कल सुबह 10:35 बजे अयोध्या जिले की रुदौली विधानसभा स्थित मां कामाख्या धाम हेलीपैड पर पहुंचेंगे इसके बाद वे मंदिर में दर्शनपूजन करेंगे साथ ही वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। जिसके बाद सीएम विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे।
इसके बाद सीएम दोपहर 12:05 बजे गोंडा के लिए रवाना होंगे जहां आयुक्त सभागार में देवीपाटन और बस्ती मंडल के लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक करेंगे। फिर दोपहर 2:40 पर गोंडा से अयोध्या पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी 3 बजे हनुमानगढ़ी में दर्शन और पूजाअर्चना करेंगे और राम मंदिर पहुंचकर श्री रामलला के दर्शन करेंगे।
रामयण वैक्स म्यूजियम का करेंगे उद्घाटन
बता दें कि श्री रामलला के दर्शन के बाद सीएम योगी रिषभदेव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मनिराम दास छावनी में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। फिर शाम 5:10 बजे सीएम योगी रामयण वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे जिसके बाद शाम 6 बजे रामकथा पार्क हेलीपैड से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।



