आंध्र प्रदेश में महज 10 रुपये के विवाद में एक नाबालिग ने 49 वर्षीय व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था और उसने शराब खरीदने के लिए एक अनजान व्यक्ति से 10 रुपये मांगे थे। जब व्यक्ति ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नाबालिग ने चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली।

शराब के लिए मांगे 10 रुपये, इनकार करने पर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय नाबालिग शराब की दुकान के पास पहुंचा और वहां मौजूद टाटाजी नाम के व्यक्ति से शराब खरीदने के लिए 10 रुपये मांगे। टाटाजी ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस होने लगी।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान टाटाजी ने नाबालिग की पिटाई कर दी। इससे गुस्साए आरोपी ने चाकू उठाया और शराब की दुकान से कुछ दूरी पर टाटाजी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

राजस्थान में 35 वर्षीय व्यक्ति ने खुद को मारी गोली

इसी बीच राजस्थान से भी एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 35 वर्षीय रामलाल ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह अपने परिवार के साथ खेत में बनी झोपड़ी में रह रहा था।

जानकारी के मुताबिक, सुबह उसकी मां ने उसे चाय पीने के लिए आवाज लगाई, लेकिन काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मां झोपड़ी के अंदर पहुंचीं तो रामलाल मृत अवस्था में मिला। उसके सिर में गोली लगी हुई थी। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।