भारत में 18 साल की उम्र में वोट देने का अधिकार है, लेकिन खुद चुनाव लड़ने के लिए कम से कम 25 साल का होना जरूरी है. लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए न्यूनतम उम्र 25 साल, जबकि राज्यसभा और विधान परिषद के लिए 30 साल है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब युवा 18 साल की उम्र में सरकार चुन सकता है, तो उसे खुद चुनाव लड़ने का मौका 25 साल में ही क्यों मिले? ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी. हालांकि, 28 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया और इसे उचित याचिका नहीं बताया.

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ के सामने याचिकाकर्ता के वकील ने दलील दी कि 61वें संविधान संशोधन के जरिए वोट देने की न्यूनतम उम्र 21 से घटाकर 18 साल कर दी गई थी, लेकिन चुनाव लड़ने की उम्र में कोई बदलाव नहीं हुआ. इस पर कोर्ट ने कहा कि यह उचित याचिका नहीं है. इसके बाद वकील ने संबंधित अधिकारियों को याचिकाकर्ता के आवेदन पर फैसला लेने का निर्देश देने की मांग की. कोर्ट ने इसके लिए संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत हाईकोर्ट जाने की सलाह दी. इसके बाद याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका वापस ले ली, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने मंजूर कर लिया.
चुनाव लड़ने की उम्र कितनी है और नियम क्या कहते हैं?
भारत में चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र संविधान में तय की गई है. संविधान के अनुच्छेद 84 के तहत लोकसभा और राज्यसभा का सदस्य बनने के लिए उम्र की शर्त निर्धारित है. वहीं, अनुच्छेद 173 में राज्य विधानसभाओं और विधान परिषदों के सदस्यों के लिए योग्यता का प्रावधान है.
- लोकसभा चुनाव: न्यूनतम उम्र 25 साल.
- विधानसभा चुनाव: न्यूनतम उम्र 25 साल.
- राज्यसभा चुनाव: न्यूनतम उम्र 30 साल.
- विधान परिषद चुनाव: न्यूनतम उम्र 30 साल.
इसका मतलब है कि लोकसभा और विधानसभा में युवाओं के लिए चुनाव लड़ने का रास्ता 25 साल की उम्र में खुलता है. वहीं, राज्यसभा और विधान परिषद के लिए उन्हें 30 साल तक इंतजार करना पड़ता है. इन उम्र सीमाओं में बदलाव के लिए संसद को संवैधानिक संशोधन करना होगा.
2023 में संसदीय समिति ने भी की थी उम्र घटाने की सिफारिश
चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र कम करने का मुद्दा नया नहीं है. अगस्त 2023 में राज्यसभा की कार्मिक, लोक शिकायत, कानून एवं न्याय संबंधी स्थायी समिति ने ‘Specific Aspects of Election Process and their Reform’ नाम से अपनी रिपोर्ट पेश की थी. इस समिति के अध्यक्ष सुशील कुमार मोदी थे.
समिति ने माना था कि चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र कम करने से युवाओं को लोकतंत्र में भागीदारी के समान अवसर मिल सकते हैं. इसके लिए समिति ने ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों का उदाहरण दिया था, जहां राष्ट्रीय स्तर के चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र 18 साल है.
समिति ने खास तौर पर राज्य विधानसभा चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र कम करने का सुझाव दिया था. इसके साथ ही चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को युवाओं के लिए व्यापक नागरिक शिक्षा कार्यक्रम शुरू करने की सलाह दी थी. इसका मकसद युवाओं को लोकतंत्र, संविधान, चुनाव प्रक्रिया और नागरिक जिम्मेदारियों की बेहतर समझ देना था. हालांकि, यह समिति की सिफारिश थी, कोई लागू कानून नहीं हैं.
देश की राजनीति में कितनी है युवाओं की भागीदारी?
चुनाव लड़ने की उम्र को लेकर बहस के बीच देश की राजनीति में युवाओं की भागीदारी के आंकड़े भी अहम हैं. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, लोकसभा और 31 विधानसभाओं में 40 साल या उससे कम उम्र के कुल 384 सांसद और विधायक हैं. इनमें 40 लोकसभा सांसद और 344 विधायक शामिल हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, इन 384 जनप्रतिनिधियों में सिर्फ 26 Gen Z से आते हैं. Gen Z में 1997 से 2012 के बीच जन्मे लोगों को शामिल किया गया है. इन 26 जनप्रतिनिधियों में लोकसभा के 6 सांसद और 20 विधायक हैं. चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र 25 साल होने की वजह से इस पीढ़ी का एक बड़ा हिस्सा अभी चुनाव लड़ने के योग्य नहीं है.
इन आंकड़ों का एक और अहम पहलू राजनीतिक परिवारों से जुड़ा है. रिपोर्ट के मुताबिक, 40 साल या उससे कम उम्र के 384 जनप्रतिनिधियों में से 145 यानी करीब 37.8 फीसदी राजनीतिक परिवारों से आते हैं. Gen Z के 26 जनप्रतिनिधियों में भी 13 यानी आधे राजनीतिक परिवारों से जुड़े हैं. इनमें लोकसभा के 6 Gen Z सांसदों में से 5 और विधानसभा के 20 विधायकों में से 8 राजनीतिक परिवारों से आते हैं.
क्या अब चुनाव लड़ने की उम्र कम हो सकती है?
फिलहाल चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र कम करने का कोई फैसला लागू नहीं हुआ है. 2023 में संसदीय समिति की सिफारिश और अब सुप्रीम कोर्ट में पहुंची याचिका ने इस बहस को फिर सामने ला दिया है. लेकिन नियम बदलने के लिए संसद को संविधान में संशोधन करना होगा.
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में याचिका पर सुनवाई से इनकार किया और उसे वापस लेने की अनुमति दी. कोर्ट ने चुनाव लड़ने की मौजूदा उम्र सीमा को सही या गलत ठहराने पर कोई फैसला नहीं दिया है. इसलिए कोर्ट के इस कदम से उम्र घटाने की मांग का रास्ता बंद नहीं हुआ है.



