राजस्थान के चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के बाद चित्तौड़गढ़ की राजनीति में नया सियासी तूफान खड़ा हो गया है. आरएलपी के टिकट पर चुनाव जीतने वाली प्रत्याशी शंकरी भील के गायब होने के बाद आरएलपी समर्थकों ने धरना प्रदर्शन किया. इस धरना प्रदर्शन में आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल के शामिल होने की बात कही गई थी, लेकिन वह इस धरने में शामिल नहीं हुए.

मंगलवार देर शाम तक चले इसे धरने के बाद में खत्म कर दिया गया. बताया जा रहा है कि प्रत्याशी शंकरी भील को RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल के पास नागौर भेजा जाएगा. इस मामले में चित्तौड़गढ़ जिले के प्रभारी बद्रीलाल जाट ने कहा है कि महिला के बेटे ने उसकी मां को जबरन अपहरण करने का आरोप लगाया है.
कांग्रेस और बीजेपी को 1414 सीटें, एक सीट पर RLP जीती
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस और बीजेपी दोनों को 1414 सीटें मिली हैं, जबकि एक सीट पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने जीत दर्ज की थी, जिससे वह बोर्ड गठन में निर्णायक स्थिति में आ गईं. इसी को लेकर बीजेपी अपनी घेराबंदी में जुट गई है.
चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर RLP का धरना प्रदर्शन
इसके विरोध में चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर आरएलपी की और से धरना शुरू हो गया. इस संबंध में आरएलपी के जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने चेतावनी दी है कि जब तक पंचायत समिति सदस्य उनके पास नहीं आ जाती, तब तक यह धरना जारी रहेगा.
विधायक चंद्रभान सिंह पर शंकरी बाई को ले जाने का आरोप
आरएलपी के जिला पर प्रभारी बद्रीलाल जाट ने बताया कि चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में पार्टी की सदस्य शंकरी बाई भील को जीत मिली थी. इन्हें भीलवाड़ा में मेरी फैक्ट्री पर रखा गया था. लेकिन इस बीच चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या फैक्ट्री पर आए और छल से शंकरी बाई को ले गए. उन्होंने बताया कि चंद्रभान सिंह के साथ मेरा रिश्तेदार शांतिलाल चौधरी भी साथ था. शांतिलाल फैक्ट्री पर आता रहता है तो गार्ड ने रोका नहीं. बाद में ये सभी पंचायत समिति सदस्य शंकरीबाई और इसके पति को धमका कर ले गए. शंकरी बाई भील समाज से हैं और गरीब है. वो विरोध नहीं कर पाईं.
जिला प्रभारी ने बताया ‘मैं वहां पहुंचा जब तक वो शंकरी बाई भील को छल से अपने साथ ले गए थे. इसका मैंने विरोध किया और आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल को अवगत करवाया. उनके निर्देश पर चित्तौड़गढ़ में धरना दिया गया. उन्होंने कहा कि जब तक पंचायत समिति सदस्य यहां नहीं आ जाती, तब तक कलेक्ट्रेट चौराहे पर धरना जारी रहेगा. प्रदर्शन को लेकर आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल के निर्देश का भी इंतजार है. यह प्रदर्शन हमारा लगातार जारी रहेगा. वहीं अंदर खाने समर्थन को लेकर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया.
प्रदर्शन के चलते लगा जाम
इधर प्रदर्शन में पूरे जिले से बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और धरना दिया. इससे नगर परिषद से कलेक्ट्रेट होकर भीलवाड़ा की और जाने वाला रास्ता जाम हो गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। धरने एवं प्रदर्शन को देखते हुए पांच पुलिस थानों के अलावा पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया. प्रदर्शन के दौरान सदर थाना प्रभारी प्रेम सिंह, यातायात शाखा प्रभारी मधु कंवर, महिला थाना प्रभारी रेणु खोईवाल, पुलिस अधीक्षक रामेश्वर सिंह के नेतृत्व में व्यवस्था की कमान संभाली.
रिपोर्ट/ सुभाष चंद्र बैरागी, चित्तौड़गढ़



