Featured Image

नई दिल्ली: अगर आप केंद्रीय कर्मचारी (Central Government Employee) या पेंशनर हैं तो आपके लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। मोदी सरकार ने इस बार आपको महीने के अंत का इंतजार किए बिना एडवांस सैलरी देने का ऐलान किया है। वित्त मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक, कर्मचारियों और पेंशनर्स के खातों में सितंबर महीने की सैलरी 25 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को ही क्रेडिट कर दी जाएगी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सरकार को यह बड़ा फैसला देशव्यापी बैंक हड़ताल की वजह से लेना पड़ा है।

सितंबर की सैलरी 25 तारीख को ही मिलेगी!

वित्त मंत्रालय की सूचना के मुताबिक यह भुगतान एक ‘एडवांस’ के तौर पर किया जाएगा। यानी, महीने के अंत में जब आपकी असली सैलरी या पेंशन का हिसाब बैठेगा तो अगर कोई एडजस्टमेंट (Adjustment) बाकी रहा तो उसे अक्टूबर 2026 की सैलरी में सेटल कर दिया जाएगा। यह नया आदेश रक्षा मंत्रालय, डाक विभाग और दूरसंचार समेत सभी केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स पर लागू होगा।

सरकार ने क्यों लिया एडवांस सैलरी का फैसला?

दरअसल सैलरी जल्दी देने के पीछे का सबसे बड़ा कारण बैंकों की आगामी महा-हड़ताल है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। चूंकि 26 और 27 सितंबर को वीकेंड (शनिवार और रविवार) पड़ रहा है ऐसे में लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं के ठप रहने का अंदेशा था जिससे कर्मचारियों की सैलरी लटक सकती थी। इसी अंदेशे को खत्म करने के लिए सरकार ने 25 तारीख को ही सैलरी ट्रांसफर करने का फैसला लिया है।

बैंक यूनियन्स की क्या है बड़ी मांग? क्यों है हड़ताल

बैंक यूनियनों ने 5 दिन के बैंकिंग कार्य सप्ताह (5-Day Banking Week) को लागू करने की मांग को लेकर अपना हड़ताल का फैसला बरकरार रखा है। फिलहाल बैंकों में दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी होती है, लेकिन यूनियन की मांग है कि हर शनिवार को छुट्टी घोषित की जाए। सुलह के लिए डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर के साथ हुई बैठक भी बेनतीजा रही क्योंकि सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) अपनी पुरानी शर्तों पर ही अड़े रहे।

रविवार 27 सितंबर को भी खुले रहेंगे बैंक

हड़ताल के दौरान सरकारी बैंकों में कैश जमा करना, पासबुक अपडेट और चेक क्लियरिंग जैसी ब्रांच आधारित सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहेंगी। हालांकि नेट बैंकिंग और एटीएम जैसी डिजिटल सर्विस चालू रहेंगी।

आम जनता को कैश की किल्लत और बैंकिंग कामकाज में किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए आरबीआई (RBI) ने एक मास्टर स्ट्रोक चला है। आरबीआई ने सभी बैंकों को निर्देश दिया है कि वे 27 सितंबर (रविवार) को भी अपनी शाखाएं और करेंसी चेस्ट पूरी तरह चालू रखें। अगर आपको बैंक का कोई जरूरी काम निपटाना है तो 25 सितंबर तक या फिर 27 सितंबर के स्पेशल संडे वर्किंग डे का फायदा उठाकर उसे जरूर पूरा कर लें।

FAQ

सवाल: केंद्रीय कर्मचारियों को सितंबर की सैलरी कब मिलेगी?

जवाब: वित्त मंत्रालय के आदेशानुसार, सितंबर महीने की एडवांस सैलरी 25 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को बैंक खातों में आ जाएगी।

सवाल: बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल पर क्यों हैं?

जवाब: बैंक यूनियन सप्ताह में सिर्फ 5 दिन (5-Day Banking Week) काम करने की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रही हैं।

सवाल: क्या रविवार 27 सितंबर को बैंक खुले रहेंगे?

जवाब: हां, आरबीआई ने लोगों की सहूलियत के लिए 27 सितंबर (रविवार) को भी बैंक शाखाएं और एटीएम लिंक ब्रांचेस चालू रखने का सख्त निर्देश दिया है।