Kota Monkey Attack: राजस्थान कोटा में बंदर के हमले में महिला की मौत हो गई. महिला छत पर कपड़े सुखाने गई थी, उसी समय बंदरों का झुंड पहुंचा और एक बंदर महिला के ऊपर कूदकर कंधे पर बैठ गया. फिर उसने महिला की पीठ और चेहरे पर पंजे मार दिए. महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर वाले पहुंचे तो वह छत पर बेहोश थी. परिजन बंदरों को भगाकर विवाहिता रेनू भट्ट पत्नी प्रदीप भट्ट को हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने रेनू को मृत घोषित कर दिया.

डॉक्टर ने जांच के दौरान साइलेंट अटैक आने की बात बताई. महिला के 6 साल की बेटी है. मामला उद्योग नगर थाना क्षेत्र के जागाओं के मोहल्ले का रविवार दोपहर का है. कंसुआ इलाके के जागाओं के मोहल्ले में रहने वाली रेनू भट्ट रविवार दोपहर छत पर कपड़े सुखाने गई थी. अचानक वहां बंदरों की टोली आ गई.

बंदर ने चेहरेपीठ पर मारे थे पंजे

उनमें से एक बंदर ने उस पर हमला कर दिया. महिला ने बचाव के लिए लकड़ी उठाई, लेकिन बंदर उसके कंधों पर चढ़ गया और चेहरे व पीठ पर पंजा मारने लगा. अचानक हुए हमले से महिला घबरा गई और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी. महिला के जेठ अर्जुन भट्ट ने बताया कि रेनू की चीख सुनकर हम लोग छत पर पहुंचे. रेनू जमीन पर गिरी हुई थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उसके चेहरे और पीठ पर बंदरों के नाखूनों के निशान थे. हॉस्पिटल लेकर गए. तब तक उसकी मौत हो गई थी.

बंदरों के आतंक से लोग परेशान

जेठ ने बताया कि डॉक्टरों ने साइलेंट अटैक से मौत होना बताया है. घटना की सूचना पर कांग्रेस पार्षद विनोद कुमार भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने बताया कि इलाके में बंदरों की समस्या को लेकर पहले भी शिकायत की जा चुकी हैं. इस मामले में नगर निगम महापौर को ज्ञापन देकर बंदरों को पकड़ने की मांग की जाएगी. वहीं नगर निगम के हेल्थ ऑफिसर मोतीलाल ने बताया कि शहर के जिन इलाकों से भी शिकायत मिलती है, वहां पिंजरे लगवाए जाते हैं.

मोतीलाल ने बताया कि कंसुआ इलाके में भी पिंजरे लगवाए थे, लेकिन बंदर उसमें कैद नहीं हुए. अब वापस पिंजरे लगवाए जाएंगे. कोटा नगर निगम कमिश्नर ओपी मेहरा ने बताया कि इस साल कोटा के नॉर्थ और साउथ के अलगअलग इलाकों में बंदर पकड़ने की कार्रवाई की गई है. इसमें 1 जनवरी से अब तक 1562 बंदर पकड़े गए हैं.