Bhupender Yadav Secretary: केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के कार्यालय में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। मंत्रालय ने उनके निजी सचिव अमर सिंह को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। इसके साथ ही एडिशनल प्राइवेट सेक्रेटरी आयुष शरण और शैलेश कुमार सिंह को भी उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है।

पर्यावरण मंत्रालय ने इस संबंध में 3 जुलाई 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक, यह कार्रवाई कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के 2 जुलाई के निर्देश और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद की गई है।

अमर सिंह को मूल कैडर में भेजा गया

आदेश में बताया गया कि, 2010 बैच के आईआरएस अधिकारी अमर सिंह को प्रशासनिक आधार पर उनके मूल कैडर राजस्व विभाग में वापस भेज दिया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करते हुए अपने मूल विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

दो अन्य अधिकारियों को भी किया गया रिलीव

अमर सिंह के साथ साथ एडिशनल प्राइवेट सेक्रेटरी शैलेश कुमार सिंह को भी समय से पहले उनके मूल कैडर में वापस भेजा गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से DoPT में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। वहीं, एक अन्य एडिशनल प्राइवेट सेक्रेटरी आयुष शरण को भी सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है।

उप सचिव ने जारी किया आदेश

यह आदेश पर्यावरण मंत्रालय के उप सचिव विभूति पंजियार के हस्ताक्षर से जारी हुआ है। इसकी प्रतियां प्रधानमंत्री कार्यालय , कैबिनेट सचिवालय, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों को भेजी गई हैं। इससे संकेत मिलता है कि यह प्रशासनिक फेरबदल उच्च स्तर पर लिया गया फैसला है।

ये भी पढ़ें: 

नए निजी सचिव पर अभी फैसला नहीं

फिलहाल मंत्रालय की ओर से यह जानकारी नहीं दी गई है कि भूपेंद्र यादव के नए निजी सचिव के रूप में किस अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही, इस प्रशासनिक बदलाव के पीछे की वजह भी सार्वजनिक नहीं की गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मंत्रालय इस संबंध में और जानकारी साझा कर सकता है।

ये भी पढ़ें: