Jharkhand Crime: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में एक ढाई साल की बच्ची का नाले से शव बरामद हुआ. उसकी हत्या का आरोप उसके सौतले चाचा पर लगा है. आरोपी का नाम समीर पान है. उसने कथित तौर पर धक्का देकर बच्ची की हत्या कर दी थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. ये पूरा मामला जिले के मुफस्सिल थाने का है. पुलिस के अनुसार, बच्ची के पिता ने 11 नवंबर को थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दी थी.

बच्ची के पिता ओडिशा के क्योंझर जिले के निवासी हैं. पुलिस जांच में पता चला कि 11 नवंबर को बच्ची अपने सौतले चाचा के साथ घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. सौतले चाचा का बच्ची की मां के साथ अफेयर था. बच्ची अपनी मां के साथ ओडिशा से मुफस्सिल थाना इलाके के नरसंडा गांव में अपने सौतले चाचा समीर पान के घर आई थी. आरोपी बच्ची की मां के साथ कहीं दूसरे स्थान पर रहना चाहता था.
बच्ची लग रही थी रास्ते की रुकावट
आरोपी को अपने प्लान में बच्ची बाधा लग रही थी. इसलिए उसने फैसला किया कि वो बच्ची को रास्ते से हटा देगा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आरोपी 11 नवंबर को किसी बहाने से बच्ची को नाले के पास ले गया और धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने समीर की घटना में भूमिका होने के शक पर शुक्रवार को उसको हिरासत में लिया और पूछताछ की. शुरुआत में समीर ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया.
पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया जुर्म
आरोपी ने पुलिस को बताया कि बाजार जाने से पहले वो बच्ची को घर छोड़ आया था. हालांकि, कड़ाई से पूछने पर उसने हत्या की बात कुबूल कर ली. पुलिस ने गांव के पास नाले से शव को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इस पूरे मामले के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गई है.



