दक्षिण कोरियाई कार कंपनी किआ ने भारत में अपनी पहली फ्लेक्स फ्यूल कार का कॉन्सेप्ट वर्जन पेश किया है. कंपनी ने Kia Syros FFV Concept को Syros के Flex Fuel वर्जन के तौर पर दिखाया है. इसे भारत में Kia Sorento की लॉन्चिंग के दौरान प्रदर्शित किया गया.

Kia का यह कदम भारत में एथेनॉल मिक्स पेट्रोल के बढ़ते इस्तेमाल के बीच काफी अहम माना जा रहा है. सरकार लगातार पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा बढ़ाने पर जोर दे रही है. इसका मकसद कच्चे तेल के आयात पर देश की निर्भरता कम करना है. इसी दिशा में ज्यादा एथेनॉल मिक्स पेट्रोल के लिए नए मानक भी लागू किए गए हैं.

1.0 लीटर Turbo इंजन

Kia Syros फ्लेक्स फ्यूल कॉन्सेप्ट में 1.0 लीटर TGDI, 3सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है. हालांकि, नॉर्मल पेट्रोल इंजन की तुलना में इसमें कई मैकेनिकल और इलेक्ट्रॉनिक बदलाव किए गए हैं, ताकि यह पेट्रोल और एथेनॉल के अलगअलग मिश्रण पर चल सके. इसके लिए इंजन के ECU यानी इंजन कंट्रोल यूनिट में बदलाव किया गया है. साथ ही फ्यूल सिस्टम में भी जरूरी बदलाव किए गए हैं. हालांकि, किआ ने अभी यह नहीं बताया है कि फ्लेक्स फ्यूल वर्जन का इंजन कितनी पावर और टॉर्क पैदा करेगा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कंपनी ने यह भी साफ नहीं किया है कि यह कार कितने प्रतिशत एथेनॉल पेट्रोल पर चलेगी. अभी यह भी तय नहीं है कि Syros फ्लेक्स फ्यूल कॉन्सेप्ट को भविष्य में प्रोडक्शन मॉडल के तौर पर लॉन्च किया जाएगा या नहीं.

गियरबॉक्स में भी बड़ा बदलाव

Syros फ्लेक्स फ्यूल में सबसे दिलचस्प बदलाव इसके गियरबॉक्स में देखने को मिलता है. नॉर्मल Syros टर्बो पेट्रोल में 7स्पीड DCT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है. वहीं फ्लेक्स फ्यूल कॉन्सेप्ट में 6स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है. माना जा रहा है कि ज्यादा एथेनॉल वाले ईंधन से इंजन की दहन प्रक्रिया में होने वाले बदलावों को संभालने के लिए यह गियरबॉक्स इस्तेमाल किया गया है.

Flex Fuel कारों पर कंपनियों का फोकस

भारत में फ्लेक्स फ्यूल तकनीक पर कई कार कंपनियां काम कर रही हैं. टोयोटा इस क्षेत्र में शुरुआती कंपनियों में शामिल रही है. कंपनी पहले भी ज्यादा एथेनॉल मिश्रण पर चलने वाली कारों की तकनीक दिखा चुकी है. वहीं मारुति सुजुकी भारत में बिक्री के लिए वैगनआर फ्लेक्स फ्यूल कार पेश करने वाली पहली कंपनी बन चुकी है. इसके मॉडल में 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसे E100 तक एथेनॉल मिक्स पेट्रोल पर चलने के लिए तैयार किया गया है. ऐसे में किआ का Syros फ्लेक्स फ्यूल कॉन्सेप्ट दिखाता है कि आने वाले समय में भारत में एथेनॉल और फ्लेक्स फ्यूल तकनीक कार कंपनियों के बीच एक अहम मुकाबले का क्षेत्र बन सकती है.