पुणे। पुणे में इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड से मिलतीजुलती वारदात सामने आई है। यहां 26 साल के केतन विशाल अग्रवाल की उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ने मिलकर हत्या कर दी।

पुलिस का आरोप है कि दोनों ने केतन को लोहागढ़ किले से करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दिया और इसे हादसा बताने की कोशिश की। केतन 18 जून को अपने मंगेतर सिया के साथ पुणे के लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गए थे। बाद में उनका शव खाई से मिला।

केतन रियल एस्टेट कारोबारी थे, सिया बिजनेसमैन की बेटी

केतन पुणे जिले के गहुंजे के रहने वाले थे और परिवार के रियल एस्टेट कंपनी में डायरेक्टर थे। वहीं सिया पुणे के एक बड़े मसाला व्यापारी की बेटी है। इस साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर स्थित एक शाही पैलेस में दोनों की शादी होने वाली थी।

यह शादी दोनों के परिवारों ने तय की थी। घर में तैयारियां भी शुरू थीं। मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड प्लेन की व्यवस्था भी की गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी पर परिवार करीब ₹17 करोड़ खर्च करने वाला था।

महाबलेश्वर में बर्थडे पार्टी, लोहागढ़ में प्रीवेडिंग शूट का प्लान था

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केतन और सिया शादी से पहले बाली घूमने जाने वाले थे। सारी बुकिंग भी हो गई थी लेकिन सिया ने पासपोर्ट खोने की बात कहकर ट्रिप कैंसिल करा दी। केतन ने सिया के बर्थडे के लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में 40 कमरे बुक कराए थे। लोहागढ़ किले पर प्रीवेडिंग फोटोशूट की भी तैयारी चल रही थी।

केतन के मातापिता ने फांसी देने की मांग की

केतन के पिता ने कहा मेरी सरकार से अपील है कि इस केस को फास्टट्रैक किया जाए। आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दी जाए। उन्हें सबसे सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि सबको बड़ा मैसेज जाए।

केतन की मां ने कह मेरे बेट की मौत के लिए सिया और उसका बॉयफ्रेंड जिम्मेदार हैं। सिया ने मुझे धोखा दिया और झूठ बोला। मैं सिया, उसका बॉयफ्रेंड, उसके मातापिता और बुआफूफा के लिए मौत की सजा की मांग करती हूं।

14 जून को हत्या की पहली कोशिश की, 5 दिन बाद दूसरी बार प्लानिंग

जांच में सामने आया कि सिया और उसके बॉयफ्रेंड चेतन ने 14 जून को ही लोहागढ़ किले पर केतन को मारने की योजना बनाई थी। आरोप है कि दोनों ने सांप का डर पैदा कर उसे खाई में धकेलने की कोशिश की, लेकिन प्लानिंग फेल हो गई। केतन को भी शक नहीं हुआ। इसके बाद 19 जून को सिया ने दोबारा ट्रेकिंग का प्लान बनाया गया और केतन को किले से नीचे धक्का दे दिया गया।

प्रीबर्थडे सेलिब्रेट करने किले पर गए थे, पुलिस के 5 खुलासे

पुणे ग्रामीण पुलिस के एसपी संदीप सिंह गिल के अनुसार, केतन 18 जून की सुबह अपनी मंगेतर के साथ उसका प्रीबर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए लोहागढ़ किले पर गए थे। सुबह करीब 10:30 बजे वे खाई में गिरे।

स्थानीय लोगों, पुलिस और रेस्क्यू टीम ने उसी दिन केतन का शव बरामद कर लिया था। शुरुआत में पुलिस ने बताया था कि केतन लोहागढ़ किले पर तेज हवा के बीच फोटो खींचते समय खाई में गिर गए।

मंगेतर सिया ने बताया था कि केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गए। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था। हालांकि, मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लग रही थीं।

फोन रिकॉर्ड्स और सोशल मीडिया एक्टिविटी से पता चला कि सिया पुणे के कोंढवा निवासी चेतन चौधरी के साथ रिलेशनशिप में है। सिया, केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे लगता था कि केतन उसके और चेतन के रुकावट बन गया है।
इसलिए दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। प्लानिंग के तहत सिया, केतन को घूमने के बहाने लोहागढ़ किले पर ले गई। पीछे से चेतन भी पहुंचा। दोनों ने केतन को किले से नीचे धक्का दे दिया।

चेतन से पूछताछ के बाद सिया गिरफ्तार हुई

शक के आधार पर स्थानीय क्राइम ब्रांच ने चेतन को हिरासत में लिया। उससे पूछताछ के बाद सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत पर मंगलवार को हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अब घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने, फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने और यह पता लगाने में जुटी है कि साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं। लोहागढ़ किला मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास से जुड़ा हुआ है। यह महाराष्ट्र के 12 यूनेस्को विश्व धरोहर किलों में शामिल है।