Amritsar News: पंजाब के अमृतसर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. अजनालाअमृतसर मुख्य मार्ग पर भल्ला पिंड के पास ड्यूटी खत्म कर लौट रहे ASI जसवंत सिंह पर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी करणबीर सिंह उर्फ करण पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पुलिस हिरासत से फरार चल रहा करणबीर करण किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने तत्काल उसकी घेराबंदी के लिए विशेष अभियान चलाया.

खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इस गोलीबारी में एक पुलिस जवान घायल हो गया. पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी करणबीर को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई.

11 सितंबर की घटना के बाद से फरार था आरोपी

11 सितंबर को अजनाला थाना में तैनात ASI जसवंत सिंह अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान अजनालाअमृतसर मुख्य मार्ग पर भल्ला पिंड के पास बेखौफ बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस हमले के बाद पुलिस ने आरोपी करणबीर करण को गिरफ्तार किया था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद वह पुलिस हिरासत से चकमा देकर फरार हो गया था. इसके बाद से ही अमृतसर ग्रामीण पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थीं.

शीर्ष पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर और एसएसपी अमृतसर ग्रामीण कंवलप्रीत सिंह चहल भारी पुलिस बल के साथ मुठभेड़ स्थल पर पहुंचे. पुलिस प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस पूरे एनकाउंटर और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी मीडिया के साथ साझा करेंगे.