Andhra Pradesh Crime News: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से शुरू हुई एक प्रेम कहानी का आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला अंत सामने आया है. किसी दूसरे पुरुष से बात करने और नजरअंदाज किए जाने के शक में एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका की बड़ी ही सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी.

आरोपी ने पहले युवती को धोखे से सुनसान जगह बुलाया, फिर चाकू से गोदकर हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के लिए उसके शव पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
कॉलेज के दिनों में इंस्टाग्राम से हुई थी मुलाकात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिलाकलुरिपेट की रहने वाली हसीना गुंटूर जिले के मितलापल्ली स्थित एक कॉलेज से बी.टेक की पढ़ाई कर रही थी. पढ़ाई के दौरान ही इंस्टाग्राम के जरिए उसकी मुलाकात पलनाडु जिले के करमपुडी मंडल स्थित इनुपराजुपल्ली निवासी बाला सैदुलु से हुई थी.
धीरेधीरे यह जानपहचान प्यार में बदल गई और दोनों पिछले पांच वर्षों से एकदूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बी.टेक पूरा करने के बाद हसीना को सुल्लुरपेट की एक निजी कंपनी में नौकरी मिल गई. वहीं, बाला सैदुलु अपने गांव में ही रहकर खेतीबाड़ी का काम करने लगा.
नौकरी मिलने के बाद दूरियां और शक का बीजारोपण
नौकरी लगने के बाद हसीना का अपने काम में व्यस्त होना और बाला सैदुलु से कम बात करना दोनों के बीच दूरियों की वजह बन गया. बाला सैदुलु को शक होने लगा कि हसीना उसे नजरअंदाज कर रही है और किसी अन्य पुरुष के संपर्क में है. इसी शक और सनक के चलते उसने हसीना की हत्या का खौफनाक प्लान तैयार किया.
सुल्लुरपेट से बुलाया, फिर नहर किनारे दिया वारदात को अंजाम
योजना के मुताबिक, बाला सैदुलु ने हसीना को सुल्लुरपेट से चिलाकलुरिपेट बुलाया. जब हसीना वहां पहुंची, तो उसने गिड़गिड़ाकर उसे करमपुडी आने के लिए राजी किया. इसके बाद वह हसीना को नागार्जुन सागर नहर के पास एक सुनसान इलाके में ले गया.
वहां बातचीत के दौरान मौका पाते ही उसने अपने साथ लाए धारदार चाकू से हसीना पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद कोई सुराग न छूटे, इस नीयत से उसने शव पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया.
गुमशुदगी की रिपोर्ट और पुलिस की तफ्तीश
घर से निकली हसीना जब समय पर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका के चलते स्थानीय पुलिस स्टेशन में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तलाश शुरू की, तो इसी बीच करमपुडी मंडल के नागार्जुन सागर नहर के तटबंध पर एक अज्ञात, अधजला और सड़ चुका शव मिलने की खबर आई.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर शव की पहचान हसीना के रूप में की. संदेह के आधार पर जब पुलिस ने बाला सैदुलु को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.



