Featured Image

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में दो युवतियों के प्रेम संबंध को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हो गया। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के एक ही मोहल्ले में रहने वाली दोनों युवतियां एक-दूसरे से शादी करने और साथ जिंदगी बिताने की जिद पर अड़ी हैं। परिवार वालों ने काफी समझाने की कोशिश की लेकिन दोनों ने अपना फैसला बदलने से इनकार कर दिया।

मामला इतना बढ़ गया कि दोनों परिवार आपस में भिड़ गए और पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस दोनों युवतियों को थाने लेकर पहुंची जहां उन्होंने अपने घरवालों के साथ जाने से भी साफ मना कर दिया। दोनों बालिग हैं और एक साथ रहना चाहती हैं। फिलहाल पुलिस उन्हें अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।

कई साल की दोस्ती प्यार में बदली, अब साथ रहना चाहती हैं दोनों

जानकारी के मुताबिक मामला फिरोजाबाद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। यहां आमने-सामने रहने वाली दो युवतियों के बीच कई साल से दोस्ती थी। दोनों अक्सर एक-दूसरे से मिलती थीं और समय के साथ उनकी दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।

बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां अब एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताना चाहती हैं। इसी बीच एक युवती के परिवार वालों ने उसकी शादी के लिए लड़का तलाशना शुरू कर दिया। जब लड़की को इसकी जानकारी हुई तो उसने घरवालों से साफ कह दिया कि वह किसी लड़के से शादी नहीं करना चाहती बल्कि घर के सामने रहने वाली अपनी सहेली के साथ ही जिंदगी बिताना चाहती है।

बेटी की बात सुनकर परिवार वाले हक्का-बक्का रह गए। उन्होंने काफी समझाने की कोशिश की लेकिन युवती अपने फैसले पर अड़ी रही। दूसरी युवती भी उसके साथ रहने की बात कह रही थी।

दोनों परिवारों में शुरू हुआ विवाद, एक-दूसरे पर लगाए आरोप

दोनों युवतियों के फैसले की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। परिजन एक-दूसरे को इसके लिए जिम्मेदार ठहराने लगे। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले दोनों परिवारों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पुलिस दोनों युवतियों को थाने लेकर पहुंची। उनके परिजन भी थाने पहुंच गए और वहां भी उन्हें समझाने का सिलसिला चलता रहा।

मां-बाप और भाभी ने घंटों समझाया, फिर भी नहीं मानी युवतियां

थाने में एक युवती के पिता, मां और भाभी ने उसे घंटों समझाने की कोशिश की। परिवार चाहता था कि वह अपना फैसला बदलकर घर लौट आए, लेकिन युवती ने साफ कह दिया कि वह अपनी सहेली के बिना नहीं रह सकती। दूसरी युवती भी उसके साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। दोनों ने पुलिस के सामने कहा कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताना चाहती हैं।

घर जाने से किया इनकार, अब कोर्ट में पेश करने की तैयारी

परिवार वालों की तमाम कोशिशों के बावजूद दोनों युवतियां अपने फैसले पर कायम रहीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे अपने-अपने घर नहीं लौटना चाहतीं। देर रात तक दोनों युवतियां थाने में मौजूद थीं। अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी कर रही है।

शिकोहाबाद थाना प्रभारी अनुज कुमार के मुताबिक दोनों युवतियां बालिग हैं और अपनी इच्छा से एक साथ रहने की बात कह रही हैं। उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा और न्यायालय के आदेश पर आगे की कार्रवाई होगी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने यह भी कहा है कि अगर दोनों परिवार के साथ नहीं रहना चाहतीं तो कानूनी प्रक्रिया के तहत नारी गृह भेजने के विकल्प पर विचार किया जा सकता है।

क्या दो बालिग युवतियां एक साथ रह सकती हैं?

भारतीय कानून में बालिग व्यक्तियों को अपनी पसंद के व्यक्ति के साथ रहने और निजी जीवन से जुड़े फैसले लेने की संवैधानिक स्वतंत्रता है। हालांकि भारत में दो महिलाओं या दो पुरुषों के बीच विवाह को फिलहाल कानूनी मान्यता नहीं मिली है। इसलिए एक साथ रहने और कानूनी रूप से शादी करने के अधिकार में अंतर है।