पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन हो गया है. गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी मुख्यालय पर सुखबीर बादल को फूलों का गुलदस्ता देकर गठबंधन का औपचारिक एलान किया. इस बीच पंजाब की सियासत भी गर्म हो गई है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कांग्रेस ने इसे लेकर भाजपा और अकाली दल पर हमला बोला है.

लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा, ‘ये अच्छी बात है मैं पंजाब की जनता को बधाई देता हूं कि अब जनता को इनका सच पता लग गया है. हमें इस गठबंधन से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला. पंजाब की जनता भी जानती है कि ये दोनों पहले से ही मिले हुए हैं और भले ही शिरोमणि अकाली दल अलग रहा हो लेकिन संसद में हर मुद्दे पर इन्होंने बीजेपी का साथ दिया है. हमेशा केंद्र सरकार से तमाम सुविधाएं भी बादल परिवार लेता रहा है.’

वडिंग बोले जनता जवाब देगी

वडिंग ने कहा कि इन दोनों को पता था कि इनका कोई आधार नहीं है इसलिए एक साथ आकर देख रहे हैं. एनडीए के पंजाब में आने से भी कोई फर्क नहीं पड़ने वाला. ये वही गठबंधन है जो पंजाब से में चिट्टा लेकर आया था और पंजाब की जनता अब इन लोगों को आने वाले चुनाव में जवाब देगी. सुखबीर बादल पहले ये बताएं कि अब पंजाब के उन मुद्दों का क्या हुआ जिन्हें लेकर वो एनडीए से अलग हुए थे.

शाह ने दी पंजाब को नशामुक्त करने की डेडलाइन

गृह मंत्री अमित शाह ने गठबंधन का एलान करते हुए कहा कि भाजपा और अकाली दल एक साझा घोषणा पत्र का एलान करेंगे। शाह ने कहा कि पंजाब से नशे का उन्मूलन हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा.

उन्होंने पंजाब सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार में नशा खत्म तो नहीं हुआ, पर बढ़ गया. शाह ने कहा कि मैं वादा करता हूं कि 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब को पूरी तरह नशे से मुक्त कर देंगे.

2020 में अलग हुए थे रास्ते

सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने बीजेपी से गठबंधन तोड़ लिया था. अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था.

अब करीब छह साल बाद दोनों दल फिर साथ आ गए हैं. इस बार बीजेपी पहले की तुलना में ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है. अब बीजेपी छोटे भाई की भूमिका में न रहकर अकाली दल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव लड़ना चाहती है.