एक तरफ दिल्ली सरकार के मंत्री प्रदूषण के लिए पंजाब में धान की पराली जलाने को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों का बचाव किया है.

शिवराज ने दिल्ली के प्रदूषण के लिए किसानों को जिम्मेदार ठहराने को गलत बताया है. शिवराज लुधियाना में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे.

लुधियाना के समराला में शिवराज चौहान ने कहा, ‘दुनिया वालों को मैं कहना चाहता हूं कि वायु प्रदूषण के लिए किसानों को जिम्मेदार ठहराना गलत है और इसके लिए किसान नहीं बल्कि दूसरे कारण जिम्मेदार हैं.’

शिवराज चौहान ने कहा कि पंजाब में धान की पराली को आग लगाने की घटनाओं में ऐतिहासिक कमी आई है और इसके लिए उन्होंने पंजाब के किसानों को बधाई भी दी.

शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के कृषि मंत्री को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत 254 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करते हुए स्वीकृति पत्र भी सौंपा.

उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘पंजाब सरकार की मांग पर 7 नई परियोजनाओं के लिए ₹98 करोड़ 44 लाख की स्वीकृति भी केंद्र सरकार की ओर से प्रदान की गई है, ताकि अलगअलग योजनाओं के माध्यम से हमारे जमींदार, किसान भाईबहनों को सहयोग और सहायता मिल सके.’

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘मैं खेतीबाड़ी मंत्री हूं, दिल्ली में बैठकर काम नहीं कर सकता. इसलिए किसानों के बीच जाता हूं, खेतों में उनके साथ बैठता हूं और उनसे बातचीत करता हूं कि हम मिलकर खेती को और बेहतर कैसे बना सकते हैं.’

दरअसल दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कुछ दिन पहले दावा किया था कि दिल्ली में बिना कोई निर्माण कार्य हुए प्रदूषण का स्तर अचानक बढ़ गया. उन्होंने पंजाब में जल रही पराली को इसका जिम्मेदार ठहराया था.

सिरसा ने कहा था कि पंजाब में एक ही दिन में पराली जलाने की 580 से ज्यादा घटनाएं दर्ज की गई हैं.

दिल्ली के प्रदूषण में मामूली सुधार

दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में मामूली सुधार देखने को मिल रहा है. मंगलवार की सुबह एक्यूआई 300 के नीचे दर्ज किया गया। अशोक विहार में 235, बवाना में 290, चांदनी चौक में 326, आईजीआई एयरपोर्ट पर 242, जेएनयू में 315 एक्यूआई रहा.

बता दें कि बीते कुछ दिनों से दिल्ली की हवा इतनी जहरीली हो चुकी थी कि एक्यूआई 400 के पार दर्ज हो रहा था. दिल्ली में हल्के कोहरे के बीच तापमान में भी तेजी से गिरावट हो रही है.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।