मुंबई, 8 जुलाई, 2026: कर्मचारियों का पीएफ समय पर जमा करना अब पहले से अधिक आसान और त्वरित होने जा रहा है। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के साथ मिलकर एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की है, जिससे कंपनियों के लिए पीएफ भुगतान की प्रक्रिया सरल हो गई है। इस नई व्यवस्था के तहत आईडीएफसी फर्स्ट बैंक से जुड़ीं कंपनियां सीधे ईपीएफओ के पोर्टल से पीएफ का भुगतान कर सकेंगी। चालान बनाने से लेकर भुगतान की पूरी प्रक्रिया अब ऑनलाइन माध्यम से संचालित होगी। भुगतान सफल होते ही संबंधित संस्था को इसकी पुष्टि प्राप्त हो जाएगी और चालान को तुरंत डाउनलोड किया जा सकेगा, जिससे रिकॉर्ड बनाए रखने की प्रक्रिया में भी सुगमता आएगी।

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के हेडरिटेल लाइबिलिटीज़ आशीष सिंह ने इस नई सेवा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बैंक का उद्देश्य कारोबारियों के लिए बैंकिंग को यथासंभव सुगम बनाना है। उन्होंने बताया कि ईपीएफओ के साथ शुरू की गई यह सुविधा ग्राहकों को सुरक्षित, तेज और बिना किसी झंझट के पीएफ भुगतान करने में मदद करेगी। इससे न केवल कारोबारियों का समय बचेगा, बल्कि कार्य निष्पादन में भी दक्षता आएगी।

उल्लेखनीय है कि आईडीएफसी फर्स्ट बैंक पहले से ही जीएसटी, आयकर और कस्टम ड्यूटी जैसे महत्वपूर्ण सरकारी भुगतानों के लिए सुविधा प्रदान कर रहा है। ईपीएफओ के जुड़ने के बाद अब कारोबारियों को अपनी अधिकांश वैधानिक पेमेंट्स के लिए अलगअलग प्लेटफॉर्म पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। पीएफ जमा करने की प्रक्रिया के लिए संस्थानों को ईपीएफओ पोर्टल पर लॉग इन करके चालान तैयार करना होगा, जिसके बाद भुगतान के विकल्प में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक को चुनकर इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। इस एकीकृत बैंकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से कारोबारियों का समय बचेगा और भुगतान में आने वाली संभावित तकनीकी अड़चनें कम होंगी।