राजस्थान अपने ऐतिहासिक किलों, थार मरुस्थल से लेकर पारंपरिक खानपान और अनूठी देसी लाइफस्टाइल के लिए जाना जाता है. पर्यटकों को ये सभी चीजें खूब आकर्षित करती हैं, लेकिन इसके अलावा यहां नाइट सफारी का लुत्फ भी उठाया जा सकता है. रात में जंगल सफारी का एक्सपीरियंस आपको रोमांच से भर देगा. आप भी अगर उन लोगों में से हैं जो एडवेंचर पसंद करते हैं तो बैग पैक करके निकल जाइए राजस्थान के ‘बेरा’ में.

बेरा कस्बा राजस्थान के पाली जिले में स्थित है. ये भले ही बहुत बड़ी जगह नहीं है, लेकिन एक्सपीरियंस कमाल रहेगा, क्योंकि बहुत भीड़ नहीं होती है. आपको बाकी बड़ी जगहों जैसे नेशनल पार्क की तरह पहले से बुकिंग करने का झंझट भी नहीं रहता है. तो चलिए जान लेते हैं इस कस्बे के बारे में और आप यहां कैसे पहुंच सकते हैं.

राजस्थान का ‘बेरा’ कस्बा

जंगल सफारी के लिए लोग ज्यादातर उन जगहों को चुनते हैं जो बहुत पॉपुलर हैं जैसे नेशनल पार्क, लेकिन आप अगर एक बार राजस्थान के ‘बेरा’ चले गए तो यहां की ट्रिप यादगार हो सकती है. ये जगह तेंदुए की आबादी के लिए जानी जाती है. इसके अलावा आपको जंगली कैट से लेकर सियार, लोमड़ी, लकड़बग्घा जैसे जंगली जानवरों का दीदार भी हो सकता है. यहां की प्राकृतिक खूबसूरती भी कमाल है. इस इलाके में ग्रेनाइट पहाड़ियां हैं और यहीं पर जवाई बांध भी है.

बजट फ्रेंडली है जगह

राजस्थान में जंगल सफारी के लिए ज्यादातर लोग रणथंभौर या जैसलमेर का रुख करते हैं, लेकिन यहां की बुकिंग काफी महंगी हो सकती है. इसी के साथ बहुत ज्यादा लोग यहां पहुंचते हैं. वहीं अगर बेरा की बात करें तो आप आराम से यहां पर पहुंचकर स्थानीय गाइड के साथ नाइट सफारी पर जा सकते हैं. एडवांस बुकिंग नहीं करनी पड़ती है. बड़े टाइगर रिजर्व के मुकाबले ये जगह आपके लिए सस्ती रहेगी.

Image:Pexels

किफायती रहेगा ठहरना

बेरा में ठहरना भी आपके लिए किफायती रहेगा. आप जब कहीं ट्रिप पर जाते हैं तो हेरिटेज होटल के प्राइज काफी ज्यादा रहते हैं, लेकिन बेरा में आप आसपास के गांवों के होम स्टे में ठहर सकते हैं. ये आपके बड़े होटलों के मुकाबले किफायती भी रहेंगे और आप यहां पर राजस्थानी स्वाद, लोकल संस्कृति को भी करीब से देख सकते हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। रात में यहां पर आप कैंप फायर का लुत्फ भी उठा सकते हैं.

किस तरह पहुंचें ‘बेरा’?

फ्लाइट से जा रहे हैं तो आप उदयपुर महाराणा प्रताप एयरपोर्ट आ सकते हैं. हालांकि ये जगह ‘बेरा’ से तकरीबन 150 किलोमीटर की दूरी पर है इसलिए पहुंचने में आपको कम से कम 3 घंटे लग सकते हैं. ट्रेन से जाना हो तो आपको ‘जवाई बांध’ या फिर ‘फालना’ रेलवे स्टेशन पर उतरना चाहिए. यहां से आप आराम से कैब या फिर लोकल व्हीकल के जरिए ‘बेरा’ कस्बा जा सकते हैं.