सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के झाड़माजरी में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक पिछले करीब आठ दिनों से चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। शनिवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस हादसे ने परिवार से उसका जवान बेटा छीन लिया है।

मृतक की पहचान रोशन लाल पुत्र लाल देव पंडित के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला था और रोजगार की तलाश में बरोटीवाला आया था। यहां वह झाड़माजरी बस स्टैंड के पास किराये के मकान में रह रहा था। परिवार की उम्मीदों को लेकर घर से निकले रोशन की जिंदगी एक हादसे के कारण खत्म हो गई।
छत पर HT लाइन की चपेट में आया युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा बीते 2 अक्टूबर की शाम को हुआ था। रोशन अपने किराये के कमरे की छत पर टहल रहा था। इसी दौरान छत के बेहद नजदीक से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन के संपर्क में उसका हाथ आ गया। तेज करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया और अचेत होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मदद करते हुए उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए चंडीगढ़ स्थित पीजीआई पहुंचाया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई थी और वह करीब सात से आठ दिनों तक जिंदगी के लिए संघर्ष करता रहा।
आठ दिन तक चला इलाज, फिर तोड़ दिया दम
करंट लगने से रोशन के शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा था। पीजीआई में चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन शनिवार तड़के उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रोजगार के लिए घर से दूर आए रोशन की इस तरह मौत होने से परिजनों का सहारा छिन गया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद बरोटीवाला पुलिस थाना की टीम पीजीआई चंडीगढ़ पहुंची। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
डीएसपी ने की घटना की पुष्टि
बद्दी के डीएसपी योगराज ने युवक की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि युवक की मौत करंट लगने के कारण हुई है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है और नियमानुसार आगामी जांच व कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बिजली की हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छत के बेहद करीब से गुजर रही लाइन की चपेट में आने से एक युवा जिंदगी खत्म हो गई और परिवार को ऐसा दुख मिला, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।



