बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के एक युवक ने ऐसा अनोखा स्टार्टअप शुरू किया है, जिसके बारे में शायद ही किसी ने कभी सोचा हो। आमतौर पर लोग गाय, भैंस और बकरी पालन को ही डेयरी व्यवसाय का जरिया मानते हैं, लेकिन बिलासपुर के कंदरौर में एक युवक ने इससे बिल्कुल अलग राह चुनी है। यहां गधा पालन यानी डांकी फार्मिंग की शुरुआत की गई है।

इस फार्म में गधों को पालने के साथ गधी के दूध का उत्पादन और बिक्री की जाएगी। हैरानी की बात यह है कि गधी का दूध बाजार में पांच से सात हजार रुपये प्रति लीटर तक बिकता है। वहीं, इसके पाउडर की कीमत 20 हजार से लेकर 80 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक बताई जाती है। यही वजह है कि इस अनोखे कारोबार ने शुरुआत में ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
गधी के दूध लाखों कमाएंगे हिमाचल के संजीव
बिलासपुर जिला के कंदरौर निवासी संजीव ठाकुर ने पारंपरिक डेयरी कारोबार से आगे बढ़कर एक नया प्रयोग किया है। उन्होंने इसी वर्ष गाय के दूध की डेयरी शुरू की थी, लेकिन अब वह गधी के दूध के उत्पादन के क्षेत्र में भी उतर गए हैं। इसके लिए उन्होंने स्थानीय स्तर पर 12 गधे खरीदे हैं और अपना डांकी फार्म शुरू कर दिया है। संजीव का लक्ष्य आने वाले समय में फार्म में गधों की संख्या बढ़ाकर कम से कम 25 करने का है। उनका दावा है कि यह हिमाचल प्रदेश का पहला डांकी फार्म है। इस अनोखी पहल ने पशुपालन और स्वरोजगार के क्षेत्र में एक नई संभावना पेश की है।
गधी के दूध की कीमत सुनकर रह जाएंगे हैरान
इस स्टार्टअप की सबसे खास बात गधी के दूध की बाजार कीमत है। जानकारी के अनुसार, गधी का दूध सामान्य तौर पर पांच से सात हजार रुपये प्रति लीटर तक बिकता है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं, दूध से तैयार पाउडर की कीमत गुणवत्ता और बाजार के अनुसार 20 हजार से 80 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती है। कम उत्पादन और सीमित उपलब्धता के कारण यह दूध सामान्य डेयरी उत्पादों की तरह आसानी से बाजार में नहीं मिलता। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग और कीमत दोनों अधिक बताई जाती हैं। संजीव ठाकुर ने इसी संभावना को देखते हुए इस अनोखे व्यवसाय की शुरुआत की है।
कॉस्मेटिक से लेकर फार्मास्युटिकल उद्योग तक है मांग
गधी के दूध का इस्तेमाल केवल पीने तक सीमित नहीं है। इसका उपयोग प्रीमियम कॉस्मेटिक और स्किन केयर उत्पाद बनाने में भी किया जाता है। कई देशों में इससे साबुन, मॉइस्चराइजर, लोशन और एंटी-एजिंग उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इसके अलावा विशेष पोषण उत्पादों और फार्मास्युटिकल उद्योग में भी इसके उपयोग की संभावनाएं बताई जाती हैं। इसमें लैक्टोज, व्हे प्रोटीन, लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे जैविक घटक पाए जाते हैं, जो इसे पोषण और शोध के लिहाज से अलग पहचान देते हैं।
कम उपलब्धता और ज्यादा मांग को बनाया कारोबार का आधार
डोंकी फार्म के संचालक संजीव ठाकुर का कहना है कि गधी के दूध की उपलब्धता काफी कम है, जबकि इसकी मांग और उपयोगिता को देखते हुए बाजार में अच्छी संभावनाएं हैं। इसी सोच के साथ उन्होंने कंदरौर में यह फार्म शुरू किया है। उनका मानना है कि यदि हिमाचल और देश के अन्य क्षेत्रों में भी लोग इस व्यवसाय से जुड़ते हैं, तो घरेलू स्तर पर उत्पादन बढ़ाया जा सकता है और भविष्य में आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। संजीव के अनुसार, उनका प्रयास इस क्षेत्र में एक नई शुरुआत करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार व स्वरोजगार का विकल्प तैयार करना है।
डेयरी कॉन्क्लेव-2026 में हुआ फार्म का शुभारंभ
कंदरौर में शुरू किए गए इस अनूठे डोंकी फार्म का शुभारंभ डेयरी कॉन्क्लेव-2026 के तहत तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने गधी के दूध की अंतरराष्ट्रीय मांग और इसके विभिन्न औद्योगिक उपयोगों का उल्लेख करते हुए इस पहल को एक नए व्यावसायिक विकल्प के रूप में देखा। उन्होंने कहा कि इस तरह के नवाचार पशुपालन और उद्यमिता के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोल सकते हैं।
विशेषज्ञों ने भी बताया पोषण की दृष्टि से खास
भारतीय खाद्य एवं कृषि परिषद के महानिदेशक और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. तरुण श्रीधर ने गधी के दूध को पोषण की दृष्टि से विशेष बताया। उनके अनुसार, इसमें गाय के दूध की तुलना में विटामिन-सी की मात्रा अधिक हो सकती है। उन्होंने इसे मानव दूध के पोषण गुणों के करीब बताते हुए इसके पोषण संबंधी महत्व पर भी प्रकाश डाला। हालांकि, किसी भी दूध को स्वास्थ्य समस्या या एलर्जी के उपचार के विकल्प के रूप में इस्तेमाल करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।
क्या हिमाचल में बनेगा डांकी फार्मिंग नया रोजगार मॉडल?
अब तक हिमाचल में पशुपालन का मतलब अधिकतर गाय, भैंस, भेड़ और बकरी पालन ही रहा है। ऐसे में कंदरौर में शुरू हुआ यह डांकी फार्म एक अलग तरह का प्रयोग है। गधी के दूध की ऊंची बाजार कीमत और कॉस्मेटिक व पोषण उत्पादों में इसके उपयोग की संभावनाएं इस व्यवसाय को चर्चा में ला रही हैं। हालांकि, इसकी वास्तविक व्यावसायिक सफलता उत्पादन, गुणवत्ता, बाजार तक पहुंच, पशुओं की देखभाल और मांग पर निर्भर करेगी। फिलहाल संजीव ठाकुर की यह पहल प्रदेश में पारंपरिक सोच से हटकर स्वरोजगार की नई राह तलाशने का अनोखा उदाहरण बन गई है।



