
शहडोल |15 नवंबर 2026| मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक बेहद शर्मनाक और रिश्तों को कलंकित कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां जमीन के चंद टुकड़ों के विवाद में एक देवर बदले की आग में इस कदर अंधा हो गया कि उसने अपने ही परिवार की मर्यादा और अपनी भाभी की निजता को तार-तार कर दिया। आरोपी ने घर के भीतर काम कर रही अपनी भाभी के चोरी-छिपे आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बना ली और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस घटना के उजागर होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
दीवार के पीछे से छिपकर रिकॉर्ड किया वीडियो
यह पूरा मामला जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र अंतर्गत केशवाही चौकी के बरंगवां गांव का है। बताया जा रहा है कि एक ही परिसर में रहने वाले देवर और भाभी के परिवार के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन को लेकर विवाद और पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी देवर ने यह घिनौनी साजिश रची। आरोप है कि जब महिला अपने घर के आंगन में रोजमर्रा के घरेलू काम कर रही थी, तभी आरोपी ने दीवार के दूसरी तरफ से चुपके से मोबाइल के जरिए उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो शूट कर लिए।
सोशल मीडिया पर वीडियो देख उड़े पीड़िता के होश
आरोप है कि देवर यहीं नहीं रुका, बल्कि उसने भाभी को समाज में बदनाम करने की नीयत से वे तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिए। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जब पीड़िता और उसके परिवार को इस हरकत की भनक लगी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अपने ही परिवार के सदस्य द्वारा किए गए इस विश्वासघात से आहत होकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और सीधे बुढ़ार थाने पहुंचकर आरोपी देवर के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तत्काल लिया एक्शन
मामले की गंभीरता और महिला की निजता से जुड़े इस संवेदनशील मामले को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई शुरू की। इस संबंध में बुढ़ार थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने जानकारी देते हुए बताया कि पुरानी रंजिश के चलते देवर द्वारा भाभी का वीडियो बनाकर वायरल करने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



