Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले स्थित मझौली में महाकाली प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक खौफनाक और दर्दनाक हादसा हो गया. विसर्जन जुलूस के दौरान झांकी में लगा लोहे का ढांचा अचानक हाईटेंशन बिजली की तारों के संपर्क में आ गया. करंट की चपेट में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी और चीखपुकार मच गई. वहीं मौतों की खबर फैलते ही उग्र हुए ग्रामीणों ने थाने के सामने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

मझौली थाना क्षेत्र के सिविल लाइन वार्ड की महाकाली प्रतिमा विसर्जन कुंड की ओर ले जाई जा रही थी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रतिमा की ऊंचाई काफी अधिक थी, जिसके कारण रास्ते में आ रहे बिजली के तारों को लकड़ी के डंडों के सहारे ऊपर उठाने की कोशिश की जा रही थी. इसी दौरान अचानक हाईटेंशन लाइन के तार नीचे की तरफ झूल गए और प्रतिमा में लगे लोहे के फ्रेम से जा टकराए. लोहे के ढांचे में क्षण भर में तेज करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में प्रतिमा के आसपास चल रहे श्रद्धालु आ गए.

एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

हादसे के बाद झुलसे लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से झुलसे दूसरे युवक ने मेडिकल अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. हादसे में झुलसे आठ अन्य लोगों को मझौली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है.

आक्रोशित लोगों ने किया हंगामा, पुलिस बल तैनात

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. हादसों और बिजली विभाग की लापरवाही से नाराज होकर लोग सड़कों पर उतर आए और पुलिस थाने के सामने जमकर नारेबाजी और हंगामा किया. एडिशनल एसपी अंजना तिवारी ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और 7 से 8 लोग घायल हैं. पुलिस ने स्थिति को संभाला और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।