शिमला। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति जिला शिमला की त्रैमासिक बैठक 2 अक्तूबर को सुबह 11 बजे होटल हेवन, सिविल अस्पताल ठियोग के समीप आयोजित होगी। बैठक में जिला शिमला के 12 ब्लॉकों और दो शहरी इकाइयों के पदाधिकारी भाग लेंगे। इसकी अध्यक्षता जिला संयोजक मोहन ठाकुर करेंगे, जबकि जिला पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष भाग चंद चौहान विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पूरे प्रदेश में पेंशनर्स संकल्प दिवस मनाएंगे। इसके माध्यम से सरकार की नीतियों और पेंशनर्स की लंबित मांगों को खंड, पंचायत और गांव स्तर तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।
पेंशनर्स नेताओं ने आरोप लगाया कि 13 मई को मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 40 प्रतिशत लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी और कम्यूटेशन की राशि जारी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया है। इससे पेंशनर्स में रोष है।
बैठक में अगली रणनीति तय की जाएगी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद सरकार के खिलाफ रैली निकालने की भी तैयारी है। समिति ने कहा कि जनजागरण अभियान पेंशनर्स की सभी देनदारियों का भुगतान होने तक जारी रहेगा।