दिवाली पर घर की साफसफाई, रंग कराने से लेकर डेकोरेशन का खास ध्यान रखा जाता है. मां लक्ष्मी के स्वागत में आंगन में रंगोली बनाते हैं तो वहीं दरवाजे को भी अच्छे से फूलों से सजाया जाता है और बालकनी पर तो लाइटिंग की ही जाती है, लेकिन सीढ़ियां घर का वो हिस्सा होती हैं जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है. यही वो जगह भी है जहां ज्यादातर आनेजाने वालों की नजर पड़ती है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस बार दिवाली पर अपने घर की सीढ़ियों को भी अच्छे से डेकोरेट करें ताकि हर कोई बस तारीफ करता रह जाए और डेकोरेशन अधूरी सी न लगे.

कुछ सिंपल से टिप्स फॉलो करके आप अपने घर की सीढ़ियों को बेहद खूबसूरत बना सकते हैं और ये आपके पूरे हाउस को एक एलिगेंट लुक देने का काम करेंगी. फिर चाहे वो सीढ़ियों की साइड की दीवार हो या फिर रेलिंग, हर एक हिस्से को सजाना चाहिए. चलिए जान लेते हैं सीढ़ी डेकोरेशन के टिप्स क्या हैं.

कालीन से दें एलिगेंट लुक

अगर आपके घर की सीढ़ियां थोड़ी चौड़ी हैं और ये देखने में हल्की खुरदुरी सी हो गई हैं यानी थोड़ी टूटफूट है तो एक अच्छी कालीन अपनी सीढ़ियों पर बिछा दें. इससे न सिर्फ इसे एलिगेंट टच मिलेगा, बल्कि कमियां भी छुप जाएंगी. आप कोई भी टेक्सचर वाली कालीन चुन सकते हैं. कोशिश करें कि ये आपके घर की दीवारों के कलर और फर्नीचर के हिसाब से थोड़ी मिलतेजुलते कलर की हो तो ज्यादा क्लासी लगेगी.

कपड़े और फूलों से करें डेकोरेट

अपनी सीढ़ियों की रेलिंग को आप खूबसूरत फूलों से डेकोरेट कर सकते हैं. इसके लिए आप घर पर ही मालाएं पिरोकर राउंड में लटकते हुए लगाएं और रेलिंग के पाइप में भी क्रिस क्रॉस करके लपेट सकते हैं. इसके अलावा आप हल्के फैब्रिक के पर्दों से भी प्लीटेड स्टाइल घुमाकर लगाते हुए घर की सीढ़ियां सजा सकते हैं.

सीढ़ियों पर स्टेटमेंट पीस लगाएं

आप अपने घर की सीढ़ियों के लिए मार्केट से स्टेटमेंट लैंप वाले पीस खरीदकर ला सकते हैं. जो रात के टाइम देखने में कमाल के लगेंगे. इसके अलावा सीढ़ियों के साइड की रूफ से भी आप लटकती हुई छोटीछोटी डिजाइनर फ्रिंज लगा सकते हैं. ये परफेक्ट दिवाली वाइब देने का काम करेंगे. इन फ्रिंज को फेस्टिवल के बाद निकालकर वापस पैक करके रख दें और स्टेटमेंट पीस लगे रहने दें.

साइड दीवार को न करें अनदेखा

अगर आपकी सीढ़ियों के साइड में दीवार है तो इसे बिल्कुल भी अनदेखा न करें. इसपर आप अपने फैमिली फोटो लगा सकते हैं या फिर कोई सुंदर सी पेंटिंग लगाएं. हैंडमेड फ्रिंज वाले क्राफ्ट भी साइड वॉल पर देखने में काफी अच्छे लगते हैं जिन्हें आप ऑनलाइन देखकर खुद बना सकते हैं.

ग्रीनरी करना न भूलें

अपने घर की सीढ़ियों को डेकोरेट करने का सबसे सस्ता और सिंपल तरीका है कि आप वहां ग्रीनरी करें. आप सीढ़ियों में इंडोर प्लांट लगा सकते हैं. ये हमेशा ही आपके घर की सीढ़ियों की खूबसूरती बढ़ाते रहेंगे. दिवाली के टाइम इन पौधों में लाइटिंग कर दें और बस खूबसूरती कई गुना बढ़ जाएगी. वहीं दीपावली की रात गमलों में और इसके आसपास दीपक जलाएं.