Nalanda Student Missing: बिहार के नालंदा जिले में एक आवासीय स्कूल से 15 वर्षीय छात्र के रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है. दुर्गा पूजा की छुट्टी के बाद पिता अपने बेटे को हॉस्टल छोड़कर घर लौट भी नहीं पाए थे कि स्कूल प्रबंधन की ओर से फोन आने लगा. पहले बताया गया कि छात्र ने किसी लड़की को फोटो भेजी थी और लड़की ने जहर खा लिया है. फिर कहा गया कि छात्र हॉस्टल से भाग गया है.

इसके कुछ ही देर बाद स्कूल प्रशासन ने दावा किया कि छात्र पंचाने नदी में डूब गया है. एक ही दिन में तीन अलगअलग कहानियों ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है. मामला दीपनगर थाना क्षेत्र के कोसुक स्थित सनबीम सेंट्रल स्कूल का है. लापता छात्र की पहचान पटना जिले के अथमलगोला थाना क्षेत्र के बुढ़रा गांव निवासी किसान आलोक राज के 15 वर्षीय पुत्र अनंत कुमार के रूप में हुई है.
छात्र के परिजनों का स्कूल प्रबंधन पर हत्या का आरोप
छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाते हुए बिहारशरीफराजगीर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. अनंत पिछले चार वर्षों से सनबीम सेंट्रल स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था. दुर्गा पूजा की छुट्टी समाप्त होने के बाद उसके पिता आलोक राज दोपहर करीब एक बजे बेटे को हॉस्टल छोड़कर घर के लिए निकले थे.
पिता के मुताबिक, उस समय अनंत बिल्कुल सामान्य और खुशमिजाज था. स्कूल के सीसीटीवी फुटेज में भी वह सामान्य स्थिति में दिखाई दे रहा था, लेकिन हॉस्टल से निकलने के करीब एक घंटे बाद ही स्कूल के प्रिंसिपल धीरज का फोन आया. उन्होंने पिता को बताया कि अनंत ने किसी लड़की को फोटो भेजी थी और उस लड़की ने जहर खा लिया है.
पहले कहा हॉस्टल से भाग गया, फिर नदी में डूबने की सुनाई कहानी
यह सुनकर पिता परेशान हो गए. उन्होंने तत्काल फोन पर बेटे से बात की. अनंत ने ऐसी किसी भी घटना से साफ इनकार कर दिया. पिता के मुताबिक, उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर स्कूल प्रबंधन इस तरह की बात क्यों बता रहा है. पिता अभी घर के रास्ते में ही थे कि स्कूल प्रबंधन की ओर से दोबारा फोन आया. इस बार बताया गया कि अनंत हॉस्टल से भाग गया है. पिता ने स्कूल प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से एक और चौंकाने वाली सूचना दी गई. अब कहा जाने लगा कि अनंत पंचाने नदी में डूब गया है.
एक तरफ छात्र के हॉस्टल से भागने की बात कही गई, तो दूसरी तरफ नदी में डूबने की सूचना मिलने लगी. स्कूल प्रबंधन की ओर से लगातार बदलती जानकारी ने परिजनों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए. परिजनों का सवाल है कि आखिर अनंत हॉस्टल से भागा कैसे? ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यदि वह नदी में डूब गया तो स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी कब और कैसे मिली? लड़की के जहर खाने की बात का छात्र के लापता होने से क्या संबंध है?
नदी किनारे मिली टीशर्ट, छात्र का नहीं मिला कोई सुराग
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन स्कूल पहुंचे. स्कूल के पीछे पंचाने नदी के किनारे से छात्र की टीशर्ट बरामद होने की बात सामने आई. इसके बाद नदी में डूबने की आशंका को देखते हुए स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया. देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया.
दीपनगर के अपर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार ने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने बच्चे को नदी की ओर जाते और डूबते देखने की बात कही थी. इसके बाद स्कूल को सूचना दी गई थी. पुलिस की ओर से नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. छात्र के पिता आलोक राज और चाचा प्रशांत कुमार ने स्कूल प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि हॉस्टल में चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहते हैं. ऐसे में छात्र आखिर हॉस्टल से बाहर कैसे निकल गया?
तीन महीने पहले भी हुई थी पिटाई
परिजनों ने प्रिंसिपल धीरज, शिक्षक कौशल, मनोहर समेत अन्य शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि करीब तीन महीने पहले भी अनंत की शिक्षकों ने बेरहमी से पिटाई की थी. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद स्कूल का एक सीसीटीवी कैमरा गायब मिला और हॉस्टल में रहने वाले अन्य बच्चों पर सच्चाई छिपाने का दबाव बनाया जा रहा था.
छात्र के रहस्यमय ढंग से लापता होने की खबर से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कोसुक गांव के पास बिहारशरीफराजगीर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. स्थिति बिगड़ने पर दीपनगर थाना के अलावा बिहार थाना, लहेरी थाना और पावापुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के वरीय अधिकारी लोगों को समझाने और जाम हटाने के प्रयास में जुटे रहे.
तीन कहानियां, एक लापता छात्र और कई सवाल
परिजनों की मांग है कि पहले उनके बच्चे का पता लगाया जाए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. अनंत के लापता होने के मामले में सबसे बड़ा सवाल स्कूल प्रबंधन की ओर से दी गई अलगअलग सूचनाओं को लेकर है. पहले लड़की के जहर खाने की बात, फिर छात्र के हॉस्टल से भागने और आखिर में पंचाने नदी में डूबने की सूचना ने मामले को उलझा दिया है.
फिलहाल अनंत का पता नहीं चल सका है. नदी में तलाश अभियान जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. परिजनों के आरोपों और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच के बाद ही इस रहस्यमयी घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी.



