Panna News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ. देवेंद्र नगर में विसर्जन के दौरान बांध के गहरे पानी में पांच दोस्त डूब गए. इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में त्योहारी माहौल को अचानक मातम में बदल दिया है. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मुस्तैदी से तीन युवकों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो परिवारों के चिराग हमेशा के लिए बुझ गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा.

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह दर्दनाक हादसा विसर्जन के समय हुआ. विसर्जन के दौरान अचानक पैर फिसलने या गहरे पानी में चले जाने के कारण पांचों दोस्त पानी में समाने लगे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो युवक पानी में मां दुर्गा की प्रतिमा के नीचे दब गए थे, जिसके कारण उन्हें बाहर निकालने में काफी समय लग गया और दम घुटने से उनकी मौत हो गई. हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान 18 वर्षीय आयुष अग्रवाल और 25 वर्षीय कृष्णा सोनी के रूप में हुई है.

तीन दोस्तों को बचाया गया, जिला अस्पताल रेफर

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और मछुआरों ने तत्परता दिखाई. स्थानीय मछुआरों ने पानी में कूदकर तीन युवकों साहिल तिवारी, हरिओम द्विवेदी और करण सोनी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. प्राथमिक उपचार के बाद तीनों सुरक्षित निकाले गए युवकों को बेहतर इलाज के लिए पन्ना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

गोताखोर न होने के आरोप, SP निवेदिता मौके पर पहुंचीं

घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्थानीय लोगों में रोष देखा गया. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि विसर्जन स्थल पर पहले से पर्याप्त गोताखोर और सुरक्षा व्यवस्था तैनात नहीं थी. घटना की खबर मिलते ही पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू और तहसीलदार सुमित तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला.