धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में गुरुवार को उस समय माहौल पूरी तरह गरमा गया, जब राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की राफेल सौदे और भारतीय सेना के सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर की गई टिप्पणियों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। मंत्री के बयान को लेकर भाजपा विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया और उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि भाजपा विधायक सदन के वेल में पहुंच गए। दोनों तरफ से नारेबाजी और तीखी बहस के बीच सदन का माहौल तनावपूर्ण हो गया। विपक्ष ने मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई और अंततः भाजपा विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही भी स्थगित करनी पड़ी।
जगत सिंह नेगी की टिप्पणी पर भड़की भाजपा
दरअसल, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से विधानसभा में राफेल विमानों की खरीद और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। बुधवार को सदन में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नियम-67 के तहत चर्चा के दौरान मंत्री ने राफेल सौदे की कीमतों को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कथित तौर पर 700 करोड़ रुपये की कीमत वाले विमान को 2300 करोड़ रुपये में खरीदA और क्या उस राफेल ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए। आप बताओ तो सही कहां छुड़ाए। अपने छक्के उल्टे छूट गए।” मंत्री के इसी बयान को लेकर भाजपा ने आपत्ति जताई है और इसे भारतीय सेना के पराक्रम से जोड़ते हुए कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है।
‘सेना का अपमान बर्दाश्त नहीं’, जयराम ठाकुर ने मांगी माफी
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंत्री के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने जगत सिंह नेगी पर भारतीय सेना के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री को राफेल और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई अपनी टिप्पणियों के लिए सदन में माफी मांगनी चाहिए। भाजपा की मांग थी कि यदि मंत्री अपने बयान पर माफी नहीं मांगते हैं तो उनकी विवादित टिप्पणी को विधानसभा की कार्यवाही से हटाया जाए। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी सवाल किया कि क्या वह अपने मंत्री की ओर से सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दिए गए बयान का समर्थन करते हैं?
भाजपा विधायकों का वेल में प्रदर्शन
गुरुवार को जैसे ही यह मुद्दा सदन में उठा, भाजपा विधायकों ने मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। विपक्षी विधायक अपनी सीटों से उठकर वेल में पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। भाजपा विधायकों का कहना था कि देश की सेना के शौर्य और सैन्य अभियानों पर इस तरह की टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं। वहीं, सत्ता पक्ष की ओर से भी विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया गया। देखते ही देखते सदन में शोरगुल और नारेबाजी का माहौल बन गया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक ने सदन की कार्यवाही को प्रभावित किया।
जगत सिंह नेगी ने आरोपों को किया खारिज
दूसरी तरफ राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भाजपा की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष उन पर कोई आरोप लगा रहा है तो उसे तथ्यों के साथ साबित भी करना चाहिए। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। मंत्री ने राफेल सौदे की कीमतों में कथित बढ़ोतरी का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि विमान की कीमत 700 करोड़ रुपये से बढ़कर 2300 करोड़ रुपये कैसे पहुंच गई। इसके अलावा उन्होंने बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर की शहादत का जिक्र करते हुए अपनी बात रखने का प्रयास किया। नेगी का कहना था कि सदन में किसी सदस्य को अपनी बात रखने से रोका जाना उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री सुक्खू को भी घेरा
इस पूरे विवाद के बीच भाजपा ने मंत्री जगत सिंह नेगी के विधानसभा में दिए गए बयान का वीडियो भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर साझा किया। भाजपा नेताओं ने इस टिप्पणी को शर्मनाक और निंदनीय बताते हुए कांग्रेस सरकार को निशाने पर लिया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सवाल किया कि क्या वह अपने मंत्री के इस बयान का समर्थन करते हैं? भाजपा ने मांग की कि मुख्यमंत्री इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करें और मंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
नारेबाजी के बीच स्थगित हुई कार्यवाही
राफेल सौदे और ऑपरेशन सिंदूर पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते सदन में बड़े राजनीतिक टकराव में बदल गया। विपक्षी विधायकों की नारेबाजी और सत्ता पक्ष की जवाबी प्रतिक्रिया के चलते सदन में सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ। बढ़ते हंगामे को देखते हुए विधानसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। इसी बीच भाजपा विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर अपना विरोध दर्ज करवाया। इस घटनाक्रम के बाद विधानसभा का माहौल काफी गरमाया रहा।
राफेल और ऑपरेशन सिंदूर बना सियासी टकराव का नया मुद्दा
हिमाचल विधानसभा में हुआ यह हंगामा अब सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच एक नए राजनीतिक विवाद का संकेत दे रहा है। भाजपा जहां मंत्री की टिप्पणी को सेना के सम्मान से जोड़कर कांग्रेस सरकार को घेर रही है, वहीं जगत सिंह नेगी अपने बयान को राफेल सौदे की कीमतों और भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों के संदर्भ में देख रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। फिलहाल, शीतकालीन सत्र में राफेल और ऑपरेशन सिंदूर का मुद्दा सदन के भीतर सबसे ज्यादा गर्माए हुए विषयों में शामिल हो गया है।



