Featured Image

Delhi Capitals Head Coach: दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2027 से पहले अपनी टीम के कोचिंग सेटअप में बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को नया हेड कोच नियुक्त किया है। गांगुली इससे पहले भी दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े रहे हैं और फ्रेंचाइजी की पुरुष व महिला टीमों में डायरेक्टर की भूमिका निभा चुके हैं। अब वह पहली बार IPL में दिल्ली की पुरुष टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।

हेमंग बदानी की जगह लेंगे सौरव गांगुली

सौरव गांगुली अब हेमंग बदानी की जगह लेंगे। बदानी ने पिछले दो सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच की भूमिका निभाई थी। टीम के प्रदर्शन में अपेक्षित सुधार नहीं आने के बाद फ्रेंचाइजी ने कोचिंग टीम में बदलाव का फैसला किया है। दिल्ली की टीम IPL 2025 में पांचवें स्थान पर रही थी, जबकि 2026 सीजन में उसे छठे स्थान से संतोष करना पड़ा। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दोनों ही सीजन में टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी थी। गांगुली के आने के साथ सपोर्ट स्टाफ में भी कई बदलाव होने की संभावना है।

मुनाफ पटेल समेत कई नाम बाहर, युवराज की हो सकती है एंट्री

फ्रेंचाइजी ने गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल, सहायक कोच इयान बेल और टीम डायरेक्टर वेणुगोपाल राव को आगे साथ नहीं रखने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि गांगुली अपनी पसंद का नया सपोर्ट स्टाफ तैयार करना चाहते हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह का नाम भी चर्चा में है। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में युवराज की भूमिका को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। गांगुली इससे पहले SA20 में प्रिटोरिया कैपिटल्स के हेड कोच रह चुके हैं और उनकी टीम फाइनल तक पहुंची थी।

ऋषभ पंत की वापसी के साथ गांगुली के सामने बड़ी चुनौती

IPL 2027 में गांगुली को दिल्ली कैपिटल्स के कई बड़े खिलाड़ियों के साथ काम करना होगा। टीम में अक्षर पटेल और केएल राहुल के अलावा ऋषभ पंत की भी वापसी हो चुकी है। IPL 2026 के बाद दिल्ली और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच ट्रेड के जरिए पंत की वापसी हुई। इस डील में पंत 15 करोड़ रुपये की सैलरी पर दिल्ली में लौटे, जबकि कुलदीप यादव 13.5 करोड़ रुपये में लखनऊ टीम का हिस्सा बने। गांगुली ने हेड कोच बनने के बाद कहा है कि वह दिल्ली के साथ मिलकर मजबूत और निडर टीम तैयार करना चाहते हैं। अब देखना होगा कि उनकी कोचिंग में दिल्ली का प्रदर्शन कितना बदलता है।