Moradabad NRI Case: यूपी के मुरादाबाद जिले मेंएक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक NRI युवक पर अपनी पहली शादी की बात छिपाकर दूसरी शादी रचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है.पुलिस ने रामपुर निवासी गगनदीप सिंह के खिलाफ पहली शादी छिपाकर दूसरी शादी करने, दहेज उत्पीड़न, दुष्कर्म, जानलेवा हमला और अन्य गंभीर आरोपों में FIR दर्ज की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

मामला जिले के मुंडापांडे थाना क्षेत्र का है. पीड़िता के पिता की शिकायत के अनुसार, आरोपी गगनदीप सिंह ने अप्रैल 2022 में उनकी बेटी से शादी की, जबकि वह पहले से ही कनाडा में शादीशुदा था. आरोप है कि इस शादी के लिए लड़की पक्ष से करीब दो करोड़ रुपये लिए गए थे. परिवार का कहना है कि आरोपी ने कनाडा में अपनी पहली पत्नी और वैवाहिक स्थिति की जानकारी जानबूझकर छिपाई.

कैसे खुला कनाडा की शादी का राज?

शिकायत के मुताबिक, विदाई के समय कुछ महिलाओं ने नवविवाहिता को बताया कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी कनाडा में रहती है, जब युवती ने इस बारे में पति से सवाल किया तो उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि कनाडा में नागरिकता और स्थायी निवास से जुड़े लाभों के लिए उसने यह विवाह किया था.

पीड़िता ने लगाए रेप के आरोप

पीड़िता का आरोप है कि पहली शादी की जानकारी मिलने के बाद उसने सुहागरात पर शारीरिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया. इसके बावजूद आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए और रेप किया.

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब लड़की पक्ष ने कथित तौर पर दिए गए पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उन पर गोलियां चलाकर जान से मारने की कोशिश की. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुंडापांडे थाना क्षेत्र में दर्ज इस मामले में शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आरोपी पक्ष का विस्तृत बयान भी लिया जाएगा.