
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में एक युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आने के बाद बाजार क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है. शादी के कपड़ों का नाप देने गई युवती ने एक टेलर पर आपत्तिजनक टिप्पणी और अनुचित व्यवहार का आरोप लगाया है. घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और संगठनों में आक्रोश फैल गया है.
जानकारी के अनुसार, युवती अपनी शादी के लिए कपड़ों की सिलाई कराने एक टेलर की दुकान पर गई थी. परिजनों के मुताबिक, नाप लेने के दौरान दुकानदार ने उसके शारीरिक बनावट और कपड़ों की फिटिंग को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे युवती घबरा गई और असहज हो गई. घर आने पर उसने परिजनों को पूरी बात बताई.
दुकान पर पहुंची घर की महिलाएं
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार की महिलाएं दुकान पर पहुंचीं और दुकानदार से सवाल- जवाब किया. इस दौरान महिलाओं और दुकानदार में बहस हो गई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में महिलाओं को दुकानदार को फटकार लगा रही हैं.
सख्त कार्रवाई की मांग
वहीं इस घटना के बाद स्थानीय संगठनों और विश्व हिंदू परिषद ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. विहिप का कहना है कि महिलाओं के साथ इस तरह का अभद्र व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा.
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बाजार क्षेत्र में जुट गए और विरोध प्रदर्शन किया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आक्रोशित लोगों ने दुकान संचालक को दुकान खाली करने का अल्टीमेटम भी दिया है. कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं.
वहीं इस घटना के बाद बाजार क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.