Featured Image

Banka : बिहार के बांका जिले से एक हैरान कर देने वाला और अनोखा मामला सामने आया है, जहां दो किशोरियों ने आपस में शादी रचा ली है। दोनों की उम्र करीब 17 वर्ष बताई जा रही है और दोनों एक ही गांव की रहने वाली हैं। इस प्रेम प्रसंग के चर्चे पूरे इलाके में जोरों पर हैं, क्योंकि इनमें से एक किशोरी ने लड़के की तरह कपड़े पहनकर अपनी सहेली की मांग में सिंदूर भरा है। इस अजीबोगरीब शादी के बाद से दोनों किशोरियों ने एक-साथ रहने की अपनी इच्छा खुलकर जाहिर की है, जिससे उनके परिजन भी सकते में आ गए हैं।

लड़के का वेश धारण कर की शादी

मिली जानकारी के अनुसार, बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र की रहने वाली ये दोनों किशोरियां आपस में बेहद करीब हैं और उनके घर भी आसपास ही हैं। इनमें से एक किशोरी का पहनावा लड़कों की तरह है और वह गांव में मजदूरी के साथ-साथ टेंट-डेकोरेशन का काम करती है। रविवार को वह अपनी सहेली को उसके घर से अपने घर लेकर आई थी, जहां दोनों ने पारंपरिक तौर-तरीकों की तरह शादी की रस्में पूरी कीं। इस दौरान लड़के का भेष धरने वाली किशोरी ने अपनी सहेली की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी स्वीकार किया।

थाना पहुंची किशोरियों की प्रेम कहानी

जब इस अनोखी शादी की भनक परिजनों और ग्रामीणों को लगी, तो हड़कंप मच गया। मामले की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस दोनों किशोरियों को अपने साथ बेलहर थाना ले आई। थाने में पुलिस अधिकारियों ने दोनों किशोरियों से अलग-अलग बातचीत की और उनके अभिभावकों से भी पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पूछताछ के दौरान किशोरियों ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि वे पिछले एक साल से एक-दूसरे के संपर्क में हैं और बालिग होने पर भी या अभी साथ ही रहना चाहती हैं।

पुलिस कानूनी प्रावधानों के तहत कर रही जांच

इस मामले में बेलहर थानाध्यक्ष गौतम कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों किशोरियां अभी नाबालिग हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों और उनके अभिभावकों की मौजूदगी में पूरी स्थिति को समझा है और उन्हें समझाइश देने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों के कम उम्र होने के कारण इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और नियमों के तहत ही उचित कदम उठाए जाएंगे।